शादी का झांसा देकर बिहार बुलाकर बंधक बनाए गए गुजरात निवासी युवक को बचाया गया, एक गिरफ्तार

Ads

शादी का झांसा देकर बिहार बुलाकर बंधक बनाए गए गुजरात निवासी युवक को बचाया गया, एक गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - July 19, 2026 / 07:21 PM IST,
    Updated On - July 19, 2026 / 07:21 PM IST

पटना, 19 जुलाई (भाषा) बिहार के रोहतास जिले में शादी और अच्छी कमाई का झांसा देकर बुलाने के बाद अवैध रूप से बंधक बनाए गए गुजरात निवासी 30 वर्षीय युवक को पुलिस ने सकुशल बचा लिया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि इस मामले के सिलसिले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, पीड़ित की पहचान गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले के रहने वाले मुकेश भाई के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बेड़ा गांव से मुक्त कराया।

सासाराम मुफस्सिल के थाना प्रभारी (एसएचओ) राजीव रंजन सिंह ने बताया कि एक महिला ने मुकेश को अपने जाल में फंसाया था। उसने मुकेश को भरोसा दिलाया था कि वह उससे शादी करेगी और साथ ही उसे एक नेटवर्क मार्केटिंग व्यवसाय के माध्यम से अच्छी कमाई करने का मौका भी मिलेगा। इसी झांसे में आकर मुकेश बिहार पहुंच गया।

थाना प्रभारी सिंह ने बताया कि मुकेश ने प्रशिक्षण के नाम पर पैसे की मांग करते हुए अपने परिजनों को बार-बार फोन किया था, जिससे उन्हें किसी अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद परिजनों ने गुजरात पुलिस से संपर्क किया और मामले की जांच शुरू की गई।

उन्होंने बताया कि गुजरात पुलिस ने इस मामले में बिहार पुलिस को सतर्क किया, जिसके बाद की गई कार्रवाई में मुकेश को सकुशल मुक्त करा लिया गया और मोहम्मद इरफान नाम के एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने कहा कि कानूनी कार्रवाई शुरू करने से पहले पीड़ित का बयान दर्ज किया जाएगा, जिसके बाद उसकी गुजरात वापसी के इंतजाम किए जाएंगे।

भाषा सुमित संतोष

संतोष