बिहार : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हेली-पर्यटन सेवा की शुरुआत की

Ads

बिहार : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हेली-पर्यटन सेवा की शुरुआत की

  •  
  • Publish Date - July 18, 2026 / 08:45 PM IST,
    Updated On - July 18, 2026 / 08:45 PM IST

पटना, 18 जुलाई (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को पटना हवाई अड्डे से हेलीकॉप्टर से सैर-सपाटा सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

मुख्यमंत्री ने इस सेवा की शुरुआत करने के साथ ही राज्य सरकार के हवाई पर्यटन को बढ़ावा देने के प्रयासों के तहत राज्य हैंगर का भी उद्घाटन किया।

यह पहल जून में राज्य मंत्रिमंडल द्वारा ‘बिहार हेली-पर्यटन एवं हवाई पर्यटन सेवा योजना, 2026’ को मंजूरी दिए जाने के बाद शुरू की गई है। इस योजना का उद्देश्य आम लोगों को किफायती हेलीकॉप्टर सेवा उपलब्ध कराना और राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों तक बेहतर संपर्क सुनिश्चित करना है।

चौधरी ने बिहार फ्लाइंग इंस्टीट्यूट में वाणिज्यिक पायलट लाइसेंस (सीपीएल) कार्यक्रम पूरा करने वाले प्रशिक्षुओं को प्रमाणपत्र और बिल्ला भी वितरित किया।

मुख्यमंत्री की मौजूदगी में दो महिलाओं सहित पांच लोगों ने पहली हेलीकॉप्टर से भ्रमण की सुविधा का आनंद लिया।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव और पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता भी मौजूद थे।

गुप्ता ने इसे ‘ऐतिहासिक दिन’ बताते हुए कहा कि हेली-पर्यटन सेवा शुरू होने से राज्य के पर्यटन क्षेत्र को काफी बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार नयी ऊंचाइयों को छुएगा और दुनिया भर से पर्यटकों को आकर्षित करेगा।’’

पर्यटन मंत्री ने बताया कि पर्यटक 2,100 रुपये में 10 मिनट की ‘पटना स्काईलाइन’ हेलीकॉप्टर भ्रमण सेवा का लाभ उठा सकते हैं।

उन्होंने कहा, “पटना से मां मुंडेश्वरी मंदिर के लिए 6,000 रुपये, वाल्मीकि नगर के लिए 5,000 रुपये और राजगीर के लिए 4,000 रुपये में हेलीकॉप्टर सेवा भी शुरू की गई है। इस नेटवर्क का चरणबद्ध तरीके से विस्तार किया जाएगा।’’

भाषा रवि कांत प्रशांत

प्रशांत