विशाखापत्तनम, पांच अगस्त (भाषा) आंध्र प्रदेश के सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) मंत्री नारा लोकेश ने बुधवार को आईबीएम कंसल्टिंग के ‘फ्यूचरनाउ सेंटर’ का उद्घाटन किया। यह वैश्विक ग्राहकों को परामर्श और उन्नत प्रौद्योगिकी सेवाएं प्रदान करने का प्रमुख केंद्र बनेगा।
बयान के मुताबिक, इस केंद्र में कृत्रिम मेधा (एआई), हाइब्रिड क्लाउड, सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग, डेटा एवं एनालिटिक्स, साइबर सुरक्षा और उद्यम रूपांतरण जैसी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। यह एआई-आधारित क्लाउड रूपांतरण, प्लेटफॉर्म इंजीनियरिंग, सेवा एकीकरण, गुणवत्ता इंजीनियरिंग और उपयोगकर्ता अनुभव पर विशेष ध्यान देगा।
इस अवसर पर लोकेश ने कहा कि आईबीएम का यह सेंटर इस बात का प्रमाण है कि विशाखापत्तनम एआई, डिजिटल सेवाओं और तकनीकी नवाचार के वैश्विक केंद्र के रूप में तेजी से उभर रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आईबीएम के साथ मिलकर शहर को डिजिटल बदलाव का प्रमुख केंद्र बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उद्घाटन समारोह में आईबीएम के प्रबंध निदेशक (भारत एवं दक्षिण एशिया) संदीप पटेल और राज्य सरकार एवं कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
पटेल ने कहा कि भारत के पास अपनी प्रतिभा, नवाचार और तकनीकी क्षमता के बल पर ‘विकसित भारत-2047’ के लक्ष्य को हासिल करने और डिजिटल युग में अग्रणी बनने का बड़ा अवसर है।
आईबीएम कंसल्टिंग देशभर में ऐसे 15 ‘फ्यूचरनाउ सेंटर’ संचालित कर रही है, और विशाखापत्तनम का यह नया केंद्र उसी कड़ी का अहम हिस्सा है।
भाषा यासिर प्रेम
प्रेम