बिहार विधानपरिषद चुनाव में एआईएमआईएम ने राजद से मांगी एक सीट
बिहार विधानपरिषद चुनाव में एआईएमआईएम ने राजद से मांगी एक सीट
पटना, 2 जून (भाषा) ‘ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन’ (एआईएमआईएम) ने मंगलवार को बिहार विधानपरिषद चुनाव के लिए राष्ट्रीय जनता दल (राजद) से एक सीट मांगी ।
विधानपरिषद की नौ सीट के लिए द्विवार्षिक चुनाव 18 जून को होंगे। इसके साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा सदस्य बनने के बाद रिक्त हुई एक सीट पर उपचुनाव भी कराया जाएगा।
एआईएमआईएम की बिहार इकाई के अध्यक्ष अख्तरुल इमान ने संवाददाताओं से कहा, “जब हमने राज्यसभा चुनाव में एक सीट पर अपना दावा छोड़कर ‘इंडिया’ गठबंधन का समर्थन किया था, तब तेजस्वी यादव ने भविष्य में हमारे हितों पर विचार करने का आश्वासन दिया था। अब समय आ गया है कि वह उस वादे को पूरा करें।”
विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन के पास बिहार विधानसभा में 35 विधायक हैं, जिससे वह 10 विधानपरिषद सीट में से एक सीट आसानी से जीत सकता है। हालांकि दूसरी सीट पर उसकी संभावनाएं एआईएमआईएम और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के विधायकों के समर्थन तथा राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के खेमे में होने वाले संभावित क्रॉस वोटिंग पर निर्भर करती हैं।
इमान ने कहा, “हमारा राजनीतिक उद्देश्य सांप्रदायिक ताकतों को पराजित करना है। हमें पता है कि एआईएमआईएम के पास अपने दम पर परिषद की एक सीट जीतने के लिए पर्याप्त विधायक नहीं हैं और हमें अन्य दलों के समर्थन की आवश्यकता है। यदि राजद भविष्य में हमारा सहयोग चाहता है, तो उसे अभी हमें अवसर देना चाहिए।”
बिहार एआईएमआईएम के पांच विधायक हैं।
राज्य में 18 जून को विधानपरिषद की जिन सीट पर चुनाव होना है, उनमें से दो सीट राजद के पास हैं। इनमें एक सीट पार्टी प्रमुख लालू प्रसाद यादव के करीबी सहयोगी सुनील कुमार सिंह की है।
बिहार विधानसभा में छह विधायकों वाली कांग्रेस के पास भी विधानपरिषद की एक सीट है, जिस पर वर्तमान में समीर कुमार सिंह काबिज हैं। यह सीट 28 जून को रिक्त हो रही है।
इमान ने कहा कि वह विधानपरिषद चुनाव में एआईएमआईएम उम्मीदवार को एक सीट दिलाने के लिए राजद नेता तेजस्वी यादव से बातचीत करेंगे। इस चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया सोमवार से शुरू हो चुकी है।
भाषा कैलाश राजकुमार
राजकुमार

Facebook


