बिहार बंद के समर्थन में वामपंथी छात्र संगठनों का प्रदर्शन, राज्यभर में सुरक्षा बढ़ाई गई

बिहार बंद के समर्थन में वामपंथी छात्र संगठनों का प्रदर्शन, राज्यभर में सुरक्षा बढ़ाई गई

बिहार बंद के समर्थन में वामपंथी छात्र संगठनों का प्रदर्शन, राज्यभर में सुरक्षा बढ़ाई गई
Modified Date: July 25, 2026 / 12:54 pm IST
Published Date: July 25, 2026 12:54 pm IST

पटना, 25 जुलाई (भाषा) राष्‍ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) प्रश्नपत्र लीक और इसके खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई के विरोध में आयोजित राज्यव्यापी बंद के समर्थन में बिहार के कई जिलों में शनिवार को वामपंथी छात्र संगठनों के सदस्यों ने सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया।

पटना, सिवान, जहानाबाद, शेखपुरा, रोहतास और अन्य जिलों में भारी पुलिस बल की तैनाती के साथ सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।

पुलिस ने बताया कि बंद की वजह से पटना में आम जनजीवन पर कोई खास असर नहीं पड़ा है।

पुलिस ने एहतियात के तौर पर पटना के पालीगंज इलाके समेत कई क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया। इस बीच, प्रशासन ने बंद के दौरान पटना के निजी स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया है।

ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) और रिवोल्यूशनरी यूथ एसोसिएशन (आरवाईए) के बैनर लिए प्रदर्शनकारियों ने टायर जलाकर समस्तीपुर-पटना मुख्य मार्ग को जाम कर दिया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की भी मांग की।

बिहार के सिवान जिले में आइसा, आरवाईए और अन्य वामपंथी संगठनों ने जेपी चौक पर प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन में मौजूद पूर्व विधायक और भाकपा (माले) नेता अमरजीत कुशवाहा ने कहा, ‘दिल्ली के जंतर-मंतर पर पिछले 26 दिनों से प्रदर्शन जारी है। बुधवार को पटना की सड़कों पर भी छात्र उतरे थे। हालांकि, दिल्ली और पटना दोनों जगहों पर उन्हें पुलिस की बर्बर कार्रवाई का सामना करना पड़ा। यहां तक कि महिलाओं और लड़कियों को भी नहीं बख्शा गया।’

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने प्रदर्शनों से निपटने के लिए तानाशाही रवैया अपनाया है।

भाषा प्रचेता शोभना

शोभना


लेखक के बारे में