पटना, 28 सितंबर (भाषा) लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) परिसर में हिंसा और विरोध-प्रदर्शन के बीच बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को विश्वविद्यालय के संस्थापक अशोक मित्तल से फोन पर बातचीत की और वहां पढ़ रहे बिहार के छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
पंजाब के फगवाड़ा स्थित एलपीयू के छात्रों ने विश्वविद्यालय परिसर में एक बाहरी व्यक्ति द्वारा एक छात्रा से ‘‘दुष्कर्म किए जाने के दावे’’ को लेकर रविवार को परिसर में तोड़फोड़ की और राष्ट्रीय राजमार्ग-44 को बाधित कर दिया।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘मैंने लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के संस्थापक एवं राज्यसभा सदस्य अशोक मित्तल से फोन पर बात की। उन्होंने बिहार के छात्रों की सुरक्षा और उनके हितों की रक्षा के लिए हरसंभव सहयोग तथा आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया है।’’
इस विश्वविद्यालय में बड़ी संख्या में बिहार के विद्यार्थी पढ़ते हैं।
अशोक मित्तल ने इस वर्ष अप्रैल में छह अन्य राज्यसभा सदस्यों के साथ आम आदमी पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया था।
एलपीयू प्रशासन द्वारा सोमवार से 10 दिन के लिए कक्षाएं स्थगित किए जाने के बाद कई छात्र अपने घरों के लिए रवाना होते दिखाई दिए। विश्वविद्यालय ने अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं भी अगले आदेश तक स्थगित कर दी हैं।
विश्वविद्यालय ने कहा है कि छात्र चाहें तो अपने माता-पिता या अभिभावकों से परामर्श के बाद इस अवधि में घर जा सकते हैं। वहीं, परिसर में रुकने वाले छात्रों को सुरक्षा के मद्देनजर छात्रावास या निवास स्थान के भीतर रहने और किसी भी प्रकार की अशांति से दूर रहने की सलाह दी गई है।
भाषा कैलाश मनीषा खारी
खारी