पानीहाटी (पश्चिम बंगाल), 28 सितंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को कहा कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली पश्चिम बंगाल सरकार कल्याणकारी योजनाओं को ‘‘तेजी और भरोसे’’ के साथ प्रभावी ढंग से लागू कर रही है।
भाजपा अध्यक्ष ने उत्तर 24 परगना जिले के पानीहाटी में ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि 2047 तक ‘विकसित बंगाल’ का लक्ष्य हासिल करने के लिए शुभेंदु अधिकारी सरकार द्वारा शुरू की गई विकास की रफ्तार को बनाए रखना होगा।
उन्होंने कहा, ‘‘पश्चिम बंगाल सरकार ने कम समय में समेकित बाल विकास सेवा (आईसीडीएस) की कई योजनाओं को लागू किया है… इसके लिए मैं प्रशासन को बधाई देता हूं।’’
नवीन ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि उनमें विकास को लेकर दूरदृष्टि का अभाव था और जनता ने उन्हें ‘‘उनके पापों’’ की सजा दी।
उन्होंने कहा, ‘‘आजादी के कई दशक बाद भी पिछली सरकारें हमारे देश की महिलाओं के आत्मसम्मान और सुरक्षा को सुनिश्चित नहीं कर सकीं… (प्रधानमंत्री नरेन्द्र) मोदी (के नेतृत्व वाली) सरकार ने यह सुनिश्चित किया है।’’
नवीन ने आशा कार्यकर्ताओं की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि नवजात शिशुओं और छोटे बच्चों की देखभाल करने वाली इन कार्यकर्ताओं के हाथों में भारत का भविष्य सुरक्षित है।
भाषा सिम्मी वैभव
वैभव