विपक्ष एसआईआर में नामों को हटाने को लेकर अफवाह फैला रहा है : बिहार के मुख्यमंत्री

Ads

विपक्ष एसआईआर में नामों को हटाने को लेकर अफवाह फैला रहा है : बिहार के मुख्यमंत्री

  •  
  • Publish Date - September 27, 2026 / 05:45 PM IST,
    Updated On - September 27, 2026 / 05:45 PM IST

पटना, 27 सितंबर (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को विपक्षी दलों पर आरोप लगाया कि वे 2025 के विधानसभा चुनावों से पहले बिहार की मतदाता सूची में मतदाताओं के नाम हटाने को लेकर अफवाहें फैला रहे हैं।

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को कांग्रेस का “युवराज” बताते हुए, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता ने कहा कि उन्होंने पिछले साल विधानसभा चुनावों से पहले बिहार का दौरा किया था और आरोप लगाया था कि कई मतदाताओं के नाम गैर-कानूनी तरीके से मतदाता सूची से हटा दिए गए थे।

चौधरी ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, “लेकिन गैर-कानूनी तरीके से नाम हटाने का कोई मामला साबित नहीं हो सका।” उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी पार्टियां इस मुद्दे पर “बेवजह शोर” मचा रही हैं।

उन्होंने कहा, “बिहार में एसआईआर के दौरान, 22.34 लाख मतदाता मृत पाए गए, 36.28 लाख मतदाता एक जगह से दूसरी जगह चले गए थे, और सात लाख मतदाता दो जगहों पर पंजीकृत थे। इन नामों को हटा दिया गया, लेकिन कोई जवाबी दावा या आवेदन नहीं मिला।”

पूरे देश में एसआईआर को लेकर निर्वाचन आयोग के अंदर असंतोष की खबर के बाद आयोग की आलोचना हो रही है।

इस मौके का फायदा उठाने की कोशिश में, विपक्षी पार्टियों ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की है। गांधी का आरोप है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने चुनाव आयोग के प्रमुख को भारत के चुनावों में “मैच-फिक्सिंग” का जिम्मा सौंपा था।

भाषा प्रशांत नेत्रपाल नरेश

नरेश