बांकीपुर उपचुनाव : प्रशांत किशोर और भाजपा के नीरज कुमार सिन्हा ने नामांकन दाखिल किया

बांकीपुर उपचुनाव : प्रशांत किशोर और भाजपा के नीरज कुमार सिन्हा ने नामांकन दाखिल किया

बांकीपुर उपचुनाव : प्रशांत किशोर और भाजपा के नीरज कुमार सिन्हा ने नामांकन दाखिल किया
Modified Date: July 13, 2026 / 04:19 pm IST
Published Date: July 13, 2026 4:19 pm IST

पटना, 13 जुलाई (भाषा) जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा ने बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए सोमवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन बांकीपुर सीट से विधायक थे, लेकिन राज्यसभा के लिये चुने जाने के बाद उनके इस्तीफे की वजह से यह सीट रिक्त हुई थी, जिसके कारण इस सीट पर उपचुनाव की जरूरत पड़ी।

पूर्व चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने अपनी पत्नी जाह्नवी दास की मौजूदगी में नामांकन पत्र दाखिल किया। असम की रहने वाली और पेशे से चिकित्सक जाह्नवी दास आमतौर पर सार्वजनिक जीवन से दूर रहती हैं, लेकिन अपने पति के राजनीतिक अखाड़े में पहली बार उतरने के मौके पर वह उनके साथ रहीं।

प्रशांत किशोर नामांकन दाखिल करने के लिए एक विशाल जुलूस के साथ समाहरणालय पहुंचे। यह जुलूस समाहरणालय से लगभग एक किलोमीटर दूर स्थित भीड़भाड़ वाले डाकबंगला चौराहे से शुरू हुआ था।

वहीं, भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा के साथ पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पटना साहिब से सांसद रविशंकर प्रसाद तथा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी मौजूद थे। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के बत्तीस वर्षीय नेता नीरज कुमार सिन्हा को भाजपा ने अभिषेक कुमार ‘बंटी’ के नाम वापस लेने के बाद उम्मीदवार बनाया। अभिषेक कुमार ‘बंटी’ ने पिछले सप्ताह नामांकन पत्र दाखिल किया था, लेकिन बाद में पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए अपनी उम्मीदवारी वापस ले ली थी।

बांकीपुर सीट पर 30 जुलाई को मतदान होगा और तीन अगस्त को मतगणना होगी।

भाषा कैलाश

नरेश दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में