भरत तिवारी मुठभेड़, नालंदा भीड़ हत्या मामले की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर शाह से मिले चिराग

Ads

भरत तिवारी मुठभेड़, नालंदा भीड़ हत्या मामले की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर शाह से मिले चिराग

  •  
  • Publish Date - July 2, 2026 / 09:05 PM IST,
    Updated On - July 2, 2026 / 09:05 PM IST

पटना, दो जुलाई (भाषा) लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने बृहस्पतिवार को नयी दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर बिहार के भोजपुर जिले में हुए भरत तिवारी मुठभेड़ मामले तथा नालंदा के राजगीर में हुई भीड़ हत्या की घटना पर चर्चा की। उन्होंने दोनों मामलों की निष्पक्ष जांच कराने और पीड़ित परिवारों को शीघ्र न्याय दिलाने का आग्रह किया।

लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की ओर से जारी बयान के मुताबिक, बैठक के दौरान राजगीर में पासवान समाज के दो युवकों की हत्या और भोजपुर जिले के बिलौटी गांव में हुए भरत तिवारी मुठभेड़ मामले का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया।

चिराग ने गृह मंत्री को बताया कि दोनों घटनाओं ने आम लोगों के बीच कई सवाल खड़े किए हैं, इसलिए इनकी जांच पूरी पारदर्शिता के साथ कराई जानी चाहिए, ताकि न्याय प्रणाली में जनता का विश्वास कायम रह सके।

बयान के अनुसार, चिराग ने शाह से आग्रह किया कि दोनों मामलों की जांच किसी निष्पक्ष एजेंसी से कराई जाए और दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों को शीघ्र और न्यायोचित राहत मिलना आवश्यक है।

भरत तिवारी मुठभेड़ मामला पहले से ही बिहार की राजनीति में चर्चा का विषय बना हुआ है। भोजपुर के बिलौटी गांव में हुई इस घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठे हैं।

विपक्ष के साथ-साथ सत्ता पक्ष के कुछ नेताओं ने भी मामले में स्थिति स्पष्ट करने की आवश्यकता जताई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने घटना की न्यायिक जांच के लिए पटना उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति विनोद कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में समिति गठित की है।

वहीं, नालंदा जिले के राजगीर में पासवान समाज के दो युवकों की कथित भीड़ हत्या का मामला भी लगातार चर्चा में है। इस घटना के बाद विभिन्न सामाजिक संगठनों और राजनीतिक दलों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

भाषा

कैलाश पारुल

पारुल