नयी दिल्ली, दो जुलाई (भाषा) उद्योगपति रतन टाटा के करीबी सहयोगी रह चुके मेहली मिस्त्री ने आरएनटी एसोसिएट्स प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक मंडल से इस्तीफा दे दिया है। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
यह कंपनी दिवंगत उद्योगपति रतन टाटा द्वारा स्थापित निजी निवेश फर्म और पारिवारिक कार्यालय है।
मामलों से जुड़े सूत्रों के अनुसार, मिस्त्री ने 30 जून, 2026 को आरएनटी एसोसिएट्स के निदेशक मंडल को अपना इस्तीफा सौंपा, जो एक जुलाई, 2026 से प्रभावी हो गया। उन्होंने इस्तीफे की वजह व्यस्तता और अन्य प्रतिबद्धताओं को बताया है।
मिस्त्री ने अपने इस्तीफे में निदेशक मंडल को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कंपनी के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने में उन्हें सफलता मिले। आरएनटी एसोसिएट्स की स्थापना टाटा संस के पूर्व चेयरमैन रतन टाटा ने सेवानिवृत्ति के बाद की थी।
मिस्त्री से इस संबंध में प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी।
खबरों के अनुसार, रतन टाटा ने अपने निजी निवेश के लिए आरएनटी एसोसिएट्स को प्रमुख निवेश माध्यम के रूप में स्थापित किया था।
सूत्रों के अनुसार, मिस्त्री का इस्तीफा ऐसे समय आया है जब आरएनटी एसोसिएट्स, रतन टाटा की वसीयत में लाभार्थी नामित दो संस्थापकों को अपनी परिसंपत्तियां हस्तांतरित करने की तैयारी कर रही है।
भाषा यासिर अजय
अजय