मुंबई, दो जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र सरकार गायन और संगीत के क्षेत्र में आजीवन असाधारण योगदान देने वाले कलाकारों को सम्मानित करने के लिए ‘स्वरसाम्राज्ञी आशा भोसले संगीत जीवन गौरव’ पुरस्कार शुरू करेगी। सांस्कृतिक मामलों के मंत्री आशीष शेलार ने बृहस्पतिवार को विधानसभा में यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में संगीत, रंगमंच, साहित्य, सिनेमा, लोक कलाओं और विविध सांस्कृतिक परंपराओं की समृद्ध विरासत है।
शेलार ने कहा कि भारतीय संगीत की एक मशहूर और बेमिसाल हस्ती, आशा भोसले ने कई भाषाओं में आठ दशकों से ज्यादा लंबे अपने शानदार करियर के जरिए देश की संगीत विरासत को समृद्ध किया है।
उन्होंने कहा, ‘‘भोसले ने मराठी बाल गीतों, फिल्मी गानों, गजलों, लावणी और लोक संगीत की अपनी सदाबहार प्रस्तुतियों से सांस्कृतिक जगत पर अमिट छाप छोड़ी है। उनकी कला ने भारतीय संगीत को वैश्विक पहचान दिलाई है, जबकि उनकी लगन, दृढ़ता और उत्कृष्टता के प्रति अटूट निष्ठा कलाकारों की पीढ़ियों को प्रेरित करती रही है।’’
मंत्री ने बताया कि इस पुरस्कार के तहत गायन और संगीत के क्षेत्र में बेहतरीन और लंबे समय तक सेवा देने वाले जाने-माने कलाकारों को सम्मानित किया जाएगा। सम्मान स्वरूप 10 लाख रुपये नकद, एक शॉल और एक स्मृति-चिह्न प्रदान किया जाएगा।
शेलार ने बताया कि यह पुरस्कार हर साल आठ सितंबर को या उसके आस-पास दिया जाएगा, जो आशा भोसले की जयंती है। भोसले का इस साल 12 अप्रैल को 92 साल की उम्र में निधन हो गया था।
भाषा धीरज शफीक
शफीक