बिहार : 60 वर्षीय स्कूल संचालक ने 28 वर्षीय मुस्लिम शिक्षिका से की शादी, इलाके में तनाव
बिहार : 60 वर्षीय स्कूल संचालक ने 28 वर्षीय मुस्लिम शिक्षिका से की शादी, इलाके में तनाव
मुजफ्फरपुर, 24 फरवरी (भाषा) बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में 28 वर्षीय एक महिला के परिजनों ने आरोप लगाया है कि एक निजी स्कूल के 60 वर्षीय संचालक ने कथित रूप से उसका अपहरण कर जबरन धर्म परिवर्तन कर उससे विवाह कर लिया।
शिकायतकर्ता मुजफ्फरपुर के औराई इलाके की निवासी है। शिकायतकर्ता ने स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि 60 वर्षीय राकेश कुमार शाह पहले से विवाहित है और उसके दो वयस्क बच्चे हैं। शिकायत के मुताबिक राकेश कुमार शाह ने उसकी बहन शाइस्ता परवीन (28) का अपहरण किया।
परवीन शाह द्वारा संचालित एक निजी स्कूल में शिक्षिका थी। दोनों पिछले सप्ताह से लापता बताए जा रहे हैं। रिपोर्टों के अनुसार, दोनों नेपाल चले गए और वहां एक मंदिर में विवाह कर लिया। सोशल मीडिया पर दोनों के वरमाला बदलते हुए एक कथित फोटो वायरल हुआ है। हालांकि, ‘पीटीआई-भाषा’ इस फोटो की प्रामाणिकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर सका है।
औराई थाने के प्रभारी राजा सिंह ने संवाददाताओं से कहा, “शिक्षिका के एक परिजन ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। इस मामले की जांच की जा रही है और वायरल तस्वीर की प्रामाणिकता की गहन रूप से पड़ताल की जा रही है। महिला की तलाश के लिए छापेमारी भी की जा रही है।”
थाना प्रभारी ने बताया कि शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि शाह ने उसकी बहन का अपहरण विवाह करने और उसका धर्म परिवर्तन कराने के इरादे से किया। उन्होंने कहा कि शिक्षिका के भाई द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर प्राथमिकी में शाह की पत्नी और बेटी समेत सात लोगों को नामजद किया गया है। शिकायतकर्ता के अनुसार, उसकी बहन का 18 फरवरी को विवाह के उद्देश्य से अपहरण किया गया।
इस घटना में दो अलग-अलग समुदायों के शामिल होने के कारण इलाके में तनाव व्याप्त है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस के एक अन्य अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर यह जानकारी दी।
भाषा
कैलाश
रवि कांत

Facebook


