सभी हितधारकों के सुझावों से अधिक प्रभावी बनेगी बिहार भवन उपविधि-2026 : विजय चौधरी
सभी हितधारकों के सुझावों से अधिक प्रभावी बनेगी बिहार भवन उपविधि-2026 : विजय चौधरी
पटना, 11 सितंबर (भाषा) बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने बृहस्पतिवार को कहा कि सभी हितधारकों से प्राप्त सुझाव बिहार भवन उपविधि-2026
( बिल्डिंग बायलॉज-2026) को अधिक प्रभावी, सरल और जनोपयोगी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
चौधरी ने बिहार भवन उपविधि-2026 के प्रारूप की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए विभिन्न प्रावधानों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया। बैठक में उपविधि को सरल, पारदर्शी, प्रभावी और आम लोगों के लिए उपयोगी बनाने पर चर्चा हुई।
विभाग के बयान के अनुसार नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि बिहार भवन उपविधि-2026 का प्रारूप पारदर्शिता, सरलता, त्वरित प्रक्रियाओं और सतत विकास के सिद्धांतों को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है।
उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य भवन निर्माण से जुड़ी प्रक्रियाओं को अधिक सुगम और समयबद्ध बनाते हुए राज्य के शहरी क्षेत्रों में सुनियोजित तथा आधुनिक विकास को गति देना है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के ‘विकसित बिहार’ के दृष्टिकोरण के अनुरूप यह प्रारूप राज्य के शहरों के सुनियोजित और सतत विकास को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
उन्होंने कहा कि सरल एवं पारदर्शी प्रावधानों से भवन निर्माण और निवेश को बढ़ावा मिलेगा, जिससे आधारभूत संरचना, आर्थिक गतिविधियों और रोजगार के अवसरों का विस्तार होगा।
बैठक में भारत सरकार के कैबिनेट सचिवालय के विशेष सचिव केके पाठक, बिहार सरकार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार, विशेष सचिव नीलेश रामचंद्र देवरे, पटना नगर निगम के आयुक्त यशपाल मीणा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
भाषा कैलाश
राजकुमार
राजकुमार

Facebook


