बिहार में मुख्यमंत्री ने योग दिवस समारोह का नेतृत्व किया, कहा- पाठ्यक्रम में शामिल किया जाएगा योग

Ads

बिहार में मुख्यमंत्री ने योग दिवस समारोह का नेतृत्व किया, कहा- पाठ्यक्रम में शामिल किया जाएगा योग

  •  
  • Publish Date - June 21, 2026 / 05:33 PM IST,
    Updated On - June 21, 2026 / 05:33 PM IST

पटना, 21 जून (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को कहा कि लोगों के बीच योग को बढ़ावा देने के लिए अगले वर्ष से बिहार के स्कूलों और कॉलेजों के पाठ्यक्रम में योग को शामिल किया जाएगा।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को बिहार के विभिन्न हिस्सों में सामूहिक योग सत्र आयोजित किए गए।

मुख्यमंत्री ने पटना के कंकड़बाग स्थित पाटलिपुत्र खेल परिसर में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में हिस्सा लिया और योग को दुनिया के लिए भारत का अमूल्य उपहार बताया।

इस योग शिविर में निशांत कुमार सहित कई राज्य मंत्रियों और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने भी भाग लिया।

चौधरी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘बिहार के स्कूलों और कॉलेजों की शिक्षा व्यवस्था में शारीरिक प्रशिक्षण पहले से ही शामिल है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘योग को हर घर तक पहुंचाने के लिए अगले वर्ष से बिहार के सभी स्कूलों और कॉलेजों के पाठ्यक्रम में इसे शामिल किया जाएगा, ताकि लोग अधिक स्वस्थ और खुशहाल जीवन जी सकें। योग स्वस्थ और समृद्ध भारत के निर्माण का मार्ग प्रशस्त करेगा।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि योग भारत की प्राचीन और अमूल्य धरोहर है, जो स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवन का आधार है।

चौधरी ने कहा कि मुंगेर योग का एक प्रमुख केंद्र है, जहां दुनिया भर से लोग प्रशिक्षण प्राप्त करने आते हैं और योग के वैश्विक प्रसार में योगदान देते हैं।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आइए, संकल्प लें कि योग को प्रत्येक व्यक्ति की जीवनशैली का हिस्सा बनाएं और स्वस्थ, समृद्ध तथा विकसित बिहार के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।’’

उन्होंने कहा, ‘‘योग शरीर, मन और आत्मा के सामंजस्य का मार्ग प्रशस्त करता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज पूरी दुनिया भारतीय संस्कृति की इस महान धरोहर को अपनाकर स्वस्थ एवं संतुलित जीवन की ओर अग्रसर है।’’

चौधरी ने इस बात पर जोर दिया कि योग केवल शारीरिक व्यायाम का माध्यम नहीं, बल्कि एक समग्र जीवन पद्धति है।

उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है तथा लोगों को तनावमुक्त और ऊर्जावान जीवन जीने में मदद करता है।

चौधरी ने लोगों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाने का आग्रह किया।

इससे पहले दिन में बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को स्कूलों के पाठ्यक्रम में योग को शामिल करने का प्रस्ताव दिया है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों के पास योग सत्रों में भाग लेने या न लेने का विकल्प होगा और इसके लिए उपस्थिति अनिवार्य नहीं होगी।

पटना में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित एक योग सत्र को संबोधित करते हुए कुमार ने कहा, ‘‘मैंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से आग्रह किया है कि योग को वैकल्पिक विषय के रूप में स्कूल पाठ्यक्रम में शामिल किया जाए।’’

लोक भवन में भी योग सत्र आयोजित किया गया, जिसमें वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।

लोक भवन ने एक बयान में कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह, राजभवन सचिवालय के अधिकारियों और कर्मचारियों ने योगाभ्यास किया।

भाषा

राखी नेत्रपाल

नेत्रपाल