(तस्वीरों के साथ जारी)
पटना, 21 जून (भाषा) बिहार में रविवार को कई स्थानों पर सामूहिक योग सत्र आयोजित किए गए और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने यहां एक राज्यस्तरीय कार्यक्रम का नेतृत्व किया तथा योग को विश्व के लिए एक अमूल्य उपहार बताया।
पटना के कंकड़बाग स्थित पाटलिपुत्र खेल परिसर में आयोजित योग शिविर में मुख्यमंत्री एवं निशांत कुमार समेत राज्य के कई मंत्रियों और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने भाग लिया।
लोक भवन में भी योग सत्र आयोजित किया गया जिसमें वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पटना के कंकड़बाग में पाटलिपुत्र खेल परिसर में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में सहभागिता कर योगाभ्यास किया।’’
उन्होंने कहा, ‘‘योग भारत की सनातन ज्ञान परंपरा का अमूल्य उपहार है जो शरीर, मन और आत्मा के समन्वय का मार्ग प्रशस्त करता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज संपूर्ण विश्व भारतीय संस्कृति की इस महान धरोहर को अपनाकर स्वस्थ एवं संतुलित जीवन की ओर अग्रसर है।’’
चौधरी ने कहा, ‘‘आइए, योग को जन-जन का संकल्प बनाकर स्वस्थ, समृद्ध एवं विकसित बिहार के निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।’’
लोक भवन ने एक बयान में कहा कि राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह तथा राज्यपाल सचिवालय के अधिकारियों और कर्मचारियों ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योगाभ्यास किया।
भाषा
सिम्मी रंजन
रंजन