UP Road Accident News: प्रदेश में रफ़्तार ने बरपाया कहर, अलग-अलग हादसों में इतने लोगों की हुई मौत, कई घंटो तक जाम रहे हाइवे

Ads

UP Road Accident News: उत्तर प्रदेश में रविवार को हुए अलग-अलग सड़क हादसों में कुल सात लोगों की मौत हो गई। पुलिस सभी मामलो की जांच में जुटी है।

  •  
  • Publish Date - June 21, 2026 / 03:27 PM IST,
    Updated On - June 21, 2026 / 03:27 PM IST

UP Road Accident News/Photo Credit: IBC24 File

HIGHLIGHTS
  • उत्तर प्रदेश में रविवार को हुए अलग-अलग सड़क हादसों में कुल सात लोगों की मौत हो गई।
  • प्रदेश के मऊ, बलिया और मथुरा जिले में सड़क हादसे हुए हैं।
  • सभी जिलों की पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

UP Road Accident News: पटना: उत्तर प्रदेश में रविवार को हुए अलग-अलग हादसों में कुल सात लोगों की मौत हो गई। मऊ जिले के दोहरीघाट थाना क्षेत्र में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। इससे पहले घोसी थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में एक वृद्धा की मौत के बाद भीड़ ने हंगामा किया। पुलिस के अनुसार, शनिवार देर रात दोहरीघाट क्षेत्र में पुराने सरयू पुल पर तेज रफ्तार ट्रेलर ट्रक ने मोटरसाइकिल सवार बिहार के दो युवकों को कुचल दिया। पुलिस ने बताया कि हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने शवों को भेजा पोस्टमार्टम के लिए

पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान बिहार के बक्सर निवासी मुकेश कुमार मिश्रा (26) और अभिषेक सिंह (27) के रूप में हुई है। घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी। दोहरीघाट थाना प्रभारी संजय कुमार त्रिपाठी ने रविवार को बताया कि हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। (UP Road Accident News) उन्होंने बताया कि मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस फरार ट्रेलर और उसके चालक की तलाश में जुटी है।

पुलिस के मुताबिक, दोहरीघाट थाना क्षेत्र के बुढावर गांव के पास रोडवेज बस और स्कॉर्पियो की आमने-सामने हुई टक्कर में स्कॉर्पियो सवार चंदौली निवासी अनिल कुमार (41) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाराणसी निवासी संतोष कुमार यादव (32) गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना के बाद अनियंत्रित रोडवेज बस सड़क किनारे लगे कई बिजली के खंभों से भी टकरा गई। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया जबकि चालक मौके से फरार हो गया। इससे पहले घोसी कोतवाली क्षेत्र के पिढ़वल बाजार में शनिवार शाम सड़क पार कर रही 60 वर्षीय शांति देवी पत्नी नगीना चौहान की किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना के बाद ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा और उन्होंने शव को राजमार्ग पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

पुलिस ने शुरू की जांच

अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) अनूप कुमार ने शनिवार को बताया था कि करीब डेढ़ घंटे तक राष्ट्रीय राजमार्ग जाम रहा, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। उन्होंने बताया कि पुलिस जब शव को पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में लेने पहुंची तो प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई। पुलिस ने बताया कि इस दौरान कुछ लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया, (UP Road Accident News) जिसके बाद पुलिस को हल्का बल प्रयोग कर स्थिति नियंत्रित करनी पड़ी। अधिकारी ने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

बलिया में दो लोगों की हुई मौत

वहीं दूसरी तरफ बलिया जिले के सिकन्दरपुर थानाक्षेत्र में मिर्जापुर गांव के समीप एक अज्ञात वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार एक युवक और उसके रिश्तेदार की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार करमौता गांव का धर्मेंद्र यादव (20) अपनी बुआ के लड़के सोनू यादव (18) के साथ शनिवार रात लगभग 11 बजे मोटरसाइकिल से सिकन्दरपुर से अपने घर लौट रहा था। पुलिस ने बताया कि मिर्जापुर गांव के पास सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने धमेंद्र की मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी, फलस्वरूप दोनों युवक गम्भीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के अनुसार दुर्घटना के तुरंत बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया।

पुलिस का कहना है कि आसपास के लोगों ने दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सिकन्दरपुर) पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने धर्मेंद्र यादव को मृत घोषित कर दिया और सोनू यादव की गम्भीर स्थिति को देख उसे अन्य अस्ताल ले जाने की सलाह दी। पुलिस के मुताबिक परिजन सोनू को इलाज के लिए मऊ ले जा रहे थे कि रास्ते में उसकी भी मौत हो गई। (UP Road Accident News) सोनू मनियर थाना क्षेत्र के बड़की बारी गांव का रहने वाला था। थाना प्रभारी मूल चंद्र चौरसिया ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है तथा अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। चौरसिया ने कहा कि पुलिस अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।

मथुरा में भी हुई 2 लोगों की मौत

मथुरा जिले के छाता कोतवाली क्षेत्र में दिल्ली-आगरा राजमार्ग पर तेज रफ्तार एक ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में ट्रैक्टर चालक और उसके साथी की मौत हो गई।  छाता क्षेत्र के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) भूषण वर्मा ने बताया कि दिल्ली-आगरा राजमार्ग पर नरी-सेमरी गांव के फ्लाईओवर के नीचे वृंदावन में ईंटें पहुंचाकर लौट रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली में एक ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि हादसे में ट्रैक्टर चालक विष्णु (30) व उसका साथी अंसार (24) ट्रैक्टर से गिर गए और ट्रक ने उन्हें कुचल दिया।

अधिकारी ने बताया कि दोनों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें आगरा स्थित एसएन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल स्थानांतरित कर दिया। (UP Road Accident News) उन्होंने बताया कि दोनों की इलाज के दौरान मौत हो गई। थाना प्रभारी उमेश चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया हालांकि ट्रक के पंजीकरण नंबर के आधार पर उसके मालिक और चालक का पता लगाया जा रहा है।

इन्हे भी पढ़ें:-