समस्तीपुर, 20 जुलाई (भाषा) बिहार के समस्तीपुर जिले में सोमवार को 12वीं कक्षा की एक छात्रा की अज्ञात हमलावर ने गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, घटना वैनी थाना क्षेत्र के तेजिया बिशनपुर गांव में सोमवार सुबह हुई।
पुलिस ने बताया कि मृतका की पहचान सुमन कुमारी के रूप में हुई है। अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) संजय कुमार पांडेय ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘सुबह छात्रा पैदल स्कूल जा रही थी। इसी दौरान घर के पास अज्ञात हमलावर ने उसे गोली मार दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और वहां से गोली के चार खोखे बरामद किए। प्रथम दृष्टया छात्रा के शरीर पर गोली लगने के तीन निशान मिले हैं।’’
उन्होंने बताया कि फॉरेंसिक और जिला आसूचना इकाई (डीआईयू) की टीम भी मौके पर पहुंची।
अधिकारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल ले जाया गया।
उन्होंने घटना के कारण के बारे में पूछे जाने पर बताया, ‘‘परिजनों से कुछ महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारण का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।’’
अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस बीच, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की सांसद मीसा भारती ने घटना को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा।
उन्होंने पटना में संवाददाताओं से कहा, ‘‘बिहार में ‘डबल इंजन’ की सरकार में यही ‘मंगल राज’ है। ऐसी घटनाएं रोज हो रही हैं। सरकार इन घटनाओं के प्रति उदासीन बनी हुई है।’’
भाषा कैलाश जितेंद्र
जितेंद्र