बिहार के उपमुख्यमंत्री को साइबर ठगी का फोन कॉल आया, झांसे में न आने पर किया अभद्र व्यवहार

Ads

बिहार के उपमुख्यमंत्री को साइबर ठगी का फोन कॉल आया, झांसे में न आने पर किया अभद्र व्यवहार

  •  
  • Publish Date - June 12, 2026 / 08:26 PM IST,
    Updated On - June 12, 2026 / 08:26 PM IST

पटना, 12 जून (भाषा) बिहार के उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव को शुक्रवार को साइबर ठगी के मकसद से एक फोन कॉल किया गया गया और झांसे में न आने पर फोन कॉल करने के वाले ने उनसे अभद्र व्यवहार किया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, इस संबंध में यादव के निजी सचिव ने साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।

साइबर पुलिस के अनुसार, कॉल करने वाले व्यक्ति ने उपमुख्यमंत्री के साथ धोखाधड़ी करने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं होने पर अपशब्द कहे।

साइबर पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) नितीश चंद्र धरिया ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘उपमुख्यमंत्री को एक फोन कॉल आया। कॉल करने वाले ने यह कहकर उन्हें झांसे में लेने का प्रयास किया कि उन्होंने (उपमुख्यमंत्री ने) एक पार्सल बुक किया है और कुछ जानकारी साझा करने के बाद ही उसकी ‘डिलीवरी’ की जाएगी। जब उपमुख्यमंत्री ने कॉल काट दिया, तो आरोपी ने उन्हें कई बार फोन किया और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया।’’

धरिया ने बताया कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जिस मोबाइल नंबर से फोन कॉल आया था, उसकी पहचान कर ली गई है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

भाषा कैलाश खारी

खारी