मोदी के नेतृत्व में भारत 11वीं से ‘चौथी सबसे बड़ी’ अर्थव्यवस्था बना : सम्राट चौधरी

Ads

मोदी के नेतृत्व में भारत 11वीं से ‘चौथी सबसे बड़ी’ अर्थव्यवस्था बना : सम्राट चौधरी

  •  
  • Publish Date - June 12, 2026 / 04:54 PM IST,
    Updated On - June 12, 2026 / 04:54 PM IST

पटना, 12 जून (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए दावा किया कि मोदी के कार्यकाल में भारत दुनिया की 11वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था से छलांग लगाकर “चौथी सबसे बड़ी” अर्थव्यवस्था बन गया है।

चौधरी ने मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में यहां आयोजित एक मीडिया संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि देश के लोगों ने हर महत्वपूर्ण अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में गहरा विश्वास जताया है।

उन्होंने कहा, ‘‘जब प्रधानमंत्री मोदी ने 2016 में नोटबंदी की घोषणा की थी, तब पूरा देश उनके साथ खड़ा था। कोविड-19 महामारी के दौरान लोगों ने महीनों तक लॉकडाउन का पालन किया और उनकी सलाह मानी। अब पश्चिम एशिया में युद्ध से उत्पन्न वैश्विक संकट के बीच भी लोगों को विश्वास है कि मोदी देश को इस स्थिति से बाहर निकालने में सक्षम हैं।’’

करीब दो महीने पहले बिहार के मुख्यमंत्री बने चौधरी ने प्रधानमंत्री को देश की सबसे लंबी अवधि तक सेवा देने वाले प्रधानमंत्री के रूप में जनता की सेवा करने की उपलब्धि हासिल करने पर बधाई दी।

उन्होंने कहा, ‘‘नया भारत वैश्विक मंचों पर आत्मविश्वास के साथ अपनी पहचान स्थापित कर रहा है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत 11वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था से “चौथी सबसे बड़ी” अर्थव्यवस्था बन गया है।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) एक ऐसी पार्टी है, जो अपने संकल्पों को पूरा करती है।

उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने और अयोध्या में राम मंदिर निर्माण जैसे वादे पूरे किए गए हैं तथा जनता ने हर महत्वपूर्ण अवसर पर मोदी के नेतृत्व में भरोसा जताया है।

चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का ‘‘विकसित भारत 2047’’ का दृष्टिकोण देश को पूर्ण विकसित राष्ट्र बनाने का एक महत्वाकांक्षी खाका है।

उन्होंने कहा, ‘‘इसी प्रकार बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार ‘विकसित बिहार’ के लक्ष्य के लिए प्रतिबद्ध है। हमें विश्वास है कि मोदी जी के मार्गदर्शन में बिहार प्रगति, समृद्धि और आत्मनिर्भरता के पथ पर और आगे बढ़ेगा तथा ‘विकसित बिहार 2047’ के संकल्प को नई ऊर्जा और गति मिलेगी।’’

निवेश को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने सभी औद्योगिक एवं निवेश संबंधी स्वीकृतियां 30 दिनों के भीतर देने को अनिवार्य बनाने का निर्णय लिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार को भरोसा है कि इस वर्ष 20 नवंबर तक राज्य में पांच लाख करोड़ रुपये का निवेश आएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने लगभग सभी जिलों में हवाई अड्डों, हेलीपोर्ट और हवाई पट्टियों के विकास का भी निर्णय लिया है।

चौधरी ने महिलाओं के सशक्तीकरण के संबंध में कहा कि राजग सरकार ने उनके लिए कई विकास परियोजनाएं शुरू की हैं।

मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार के नक्सलवाद उन्मूलन अभियान की सराहना करते हुए कहा, ‘‘बिहार में नक्सलवाद का खात्मा हो चुका है।’’

चौधरी ने कहा कि राज्य की वित्तीय स्थिति मजबूत है और सरकार के पास धन की कोई कमी नहीं है।

उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध हैं। चौधरी ने दावा किया कि बिहार में देश की सबसे सस्ती बिजली उपलब्ध कराई जा रही है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बिजली उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए प्रतिवर्ष 23,000 करोड़ रुपये की सब्सिडी दे रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि आने वाले दिनों में राज्य के 50 लाख घरों की छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाए जाएंगे, जिससे लोगों को मुफ्त बिजली का लाभ मिल सकेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने पटना, राजगीर और गया को जोड़ने वाली रैपिड रेल परियोजना पर काम आगे बढ़ाने का निर्देश दिया है।

उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने पर पटना से राजगीर और गया की यात्रा लगभग 40 मिनट में पूरी की जा सकेगी।

भाषा कैलाश जितेंद्र

जितेंद्र