खगड़िया में आईएएस अधिकारी बनकर घूमने वाला व्यक्ति गिरफ़्तार, टेस्ला कार ज़ब्त

Ads

खगड़िया में आईएएस अधिकारी बनकर घूमने वाला व्यक्ति गिरफ़्तार, टेस्ला कार ज़ब्त

  •  
  • Publish Date - August 10, 2026 / 01:57 PM IST,
    Updated On - August 10, 2026 / 01:57 PM IST

खगड़िया, 10 अगस्त (भाषा) बिहार के खगड़िया जिले में खुद को भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी बताने और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार से संबंध होने का दावा करने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने उसके घर से 31 लीटर से अधिक आयातित विदेशी शराब, टेस्ला कार और अन्य कीमती सामान बरामद किया है।

खगड़िया के पुलिस अधीक्षक भानु प्रताप सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान गोगरी थाना क्षेत्र के जमालपुर निवासी मनीष गुप्ता के रूप में हुई है। वह कथित तौर पर खुद को वरिष्ठ सरकारी अधिकारी बताकर बिहार के विभिन्न हिस्सों में धोखाधड़ी करता था।

सिंह ने बताया कि एक सूचना के आधार पर पुलिस ने गुप्ता के ठिकाने पर छापेमारी की और रविवार को उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधीक्षक के अनुसार, ‘‘पूछताछ के दौरान गुप्ता ने केंद्रीय सतर्कता आयोग का एक कार्ड दिखाया और दावा किया कि वह राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल के अधीन एक गुप्त एजेंट के रूप में काम करता है। उसने खुद को आईएएस अधिकारी बताने वाला एक पहचान पत्र भी दिखाया। प्रारंभिक जांच में उसके सभी दावे फर्जी पाए गए।’’

पुलिस ने आरोपी के घर से 31 लीटर से अधिक आयातित विदेशी शराब, बड़ी मात्रा में बीयर, एक टेस्ला कार (जिस पर ‘भारत सरकार’ का बोर्ड लगा था) एक टाटा सफारी, पांच आईफोन, 20 क्रेडिट कार्ड, आठ डेबिट कार्ड, चार चेकबुक और अन्य सामान बरामद किए।

सिंह ने कहा, ‘‘एफएसडी सुविधा से लैस टेस्ला कार भारत में दुर्लभ है। हमने बारहसिंगा (दलदली हिरण) के दो सींग भी बरामद किए हैं, जिनका रखना वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत दंडनीय है।’’

उन्होंने बताया कि पुलिस गुप्ता की संपत्ति और परिसंपत्तियों की जांच कर रही है। इस काम में बिहार पुलिस की आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) समेत विशेषज्ञ एजेंसियों की मदद ली जा रही है।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आरोपी ने संपत्तियां कथित तौर पर धोखाधड़ी, छल या भ्रष्टाचार के जरिए हासिल की हैं।

उन्होंने कहा कि कथित धोखाधड़ी, प्रतिरूपण और गुप्ता की संपत्तियों के स्रोत की विस्तृत जांच की जाएगी।

भाषा कैलाश रंजन शोभना

शोभना