बिहार सरकार विश्वविद्यालयों से आपदा प्रबंधन पाठ्यक्रम शुरू करने को कहेगी: मंत्री

Ads

बिहार सरकार विश्वविद्यालयों से आपदा प्रबंधन पाठ्यक्रम शुरू करने को कहेगी: मंत्री

  •  
  • Publish Date - February 24, 2026 / 03:38 PM IST,
    Updated On - February 24, 2026 / 03:38 PM IST

पटना, 24 फरवरी (भाषा) बिहार के शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने मंगलवार को विधानसभा में कहा कि राज्य के सभी विश्वविद्यालयों से आपदा प्रबंधन से संबंधित पाठ्यक्रम शुरू करने और इसे स्नातक स्तर के पाठ्यक्रम में शामिल करने का अनुरोध किया जाएगा।

मंत्री ने कहा कि राज्य के सरकारी स्कूलों में इस प्रकार के पाठ्यक्रम पहले ही शुरू किए जा चुके हैं।

उन्होंने सदन में कहा, “शिक्षा विभाग द्वारा आपदा प्रबंधन से संबंधित पाठ्यक्रम शुरू करने और इसे स्नातक स्तर के पाठ्यक्रम में शामिल करने के प्रयास किए जाएंगे। इस संबंध में सभी विश्वविद्यालयों को पत्र भेजा जाएगा।”

मंत्री ने कहा कि इन पाठ्यक्रमों को शुरू करने के लिए विश्वविद्यालयों को अपनी वैधानिक समितियों और सीनेट से अनुमोदन प्राप्त करना होगा।

विधानसभा में यह मुद्दा उठाते हुए भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन के विधायक अजय कुमार ने कहा, “सक्षम प्राधिकार पहले ही प्रमाणपत्र, फाउंडेशन और स्नातकोत्तर डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के लिए मॉडल निर्धारित कर चुका है। राज्य के विभिन्न हिस्सों में आने वाली आपदाओं की प्रकृति को देखते हुए इसे प्राथमिकता के आधार पर सभी विश्वविद्यालयों में लागू किया जाना चाहिए।”

भाषा कैलाश

मनीषा खारी

खारी