‘लालटेन शासन’ की उदासीनता से बिहार वर्षों तक पिछड़ा रहा: दिल्ली की मुख्यमंत्री

‘लालटेन शासन’ की उदासीनता से बिहार वर्षों तक पिछड़ा रहा: दिल्ली की मुख्यमंत्री

‘लालटेन शासन’ की उदासीनता से बिहार वर्षों तक पिछड़ा रहा: दिल्ली की मुख्यमंत्री
Modified Date: October 29, 2025 / 09:22 pm IST
Published Date: October 29, 2025 9:22 pm IST

मुजफ्फरपुर, अक्टूबर 29 (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को आरोप लगाया कि बिहार को वर्षों तक ‘लालटेन शासन’ की उदासीनता का खामियाजा भुगतना पड़ा।

‘लालटेन’ राष्ट्रीय जनता दल (राजद) का चुनाव चिह्न है। इस पार्टी ने राज्य पर 15 साल तक शासन किया।

मुजफ्फरपुर और पटना में चुनावी रैलियों को संबोधित करते हुए गुप्ता ने दावा किया कि ‘लालटेन शासन’ में सत्ता में बैठे लोग केवल अपने परिवार के हितों की चिंता करते थे।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं पूछना चाहती हूं कि बिहार इतने वर्षों तक क्यों पिछड़ा रहा? क्योंकि पहले की सरकार में, ‘लालटेन’ (राजद) के शासन के दौरान, वे लोग केवल अपने परिवारों के बारे में सोचते थे, बिहार की जनता के बारे में नहीं। बिहार के युवाओं को अपने घर छोड़कर बाहर रोज़गार के लिए क्यों जाना पड़ा?’’

उनके आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस ने कहा कि दिल्ली की मुख्यमंत्री ने ‘‘बिहार में अपनी ही सहयोगी सरकार की कमियां उजागर कर दीं।’’

कांग्रेस ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘बीते 20 वर्षों से बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार सत्ता में है। रेखा गुप्ता कह रही हैं कि बिहार में कोई विकास नहीं हुआ। तो सवाल यह है। नीतीश कुमार को बिहार के विकास से किसने रोका?’’

राज्यसभा सदस्य और शिवसेना (उबाठा) की नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने भी कांग्रेस की बात का समर्थन करते हुए कहा, ‘‘महोदया दिल्ली की मुख्यमंत्री बिहार में अपने ही बेकार भाजपा गठबंधन सरकार पर आरोप लगा रही हैं। यह ईमानदारी अच्छी है, खासकर तब जब उनकी अपनी सरकार के फर्जी घाट और फर्जी ‘एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग नंबर’ सब जानते हैं।’’

भाषा कैलाश

राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में