सरकारी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करें अधिकारी : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी

सरकारी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करें अधिकारी : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी

सरकारी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करें अधिकारी : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी
Modified Date: August 20, 2026 / 08:32 pm IST
Published Date: August 20, 2026 8:32 pm IST

पटना, 20 अगस्त (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बृहस्पतिवार को अधिकारियों को राज्य के सरकारी स्कूलों की निगरानी व्यवस्था मजबूत करने और विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री ने पटना स्थित अपने आवास पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में यह निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, चौधरी ने ‘एक अधिकारी-एक मॉडल स्कूल’ व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने का निर्देश दिया। इस व्यवस्था के तहत अधिकारी स्कूलों से सीधे जुड़े रहेंगे और वहां की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करेंगे।

चौधरी ने कहा कि स्कूलों का औचक निरीक्षण भी किया जाना चाहिए तथा शैक्षणिक गतिविधियों और स्कूलों के दैनिक कामकाज की नियमित रिपोर्ट मुख्यालय एवं जिला स्तर पर सुनिश्चित की जानी चाहिए।

चौधरी ने मॉडल स्कूलों में हर तीन महीने पर अभिभावक-शिक्षक बैठक आयोजित करने का भी निर्देश दिया, ताकि विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति और उनकी आवश्यकताओं को लेकर नियमित संवाद हो सके।

मुख्यमंत्री ने विभाग को प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जेईई) और राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बेहतर मार्गदर्शन और शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

चौधरी ने बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बीएसईबी) के अधिकारियों को उसकी ‘ई-लर्निंग’ और 24 घंटे उपलब्ध ‘इंटरैक्टिव डिजिटल लर्निंग मंच’ को अधिक प्रभावी बनाने तथा इसकी पहुंच विद्यार्थियों तक बढ़ाने का भी निर्देश दिया।

बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, शिक्षा विभाग के सचिव राजीव रौशन, बीएसईबी के अध्यक्ष एस. एम. त्यागराजन और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

भाषा कैलाश शफीक

शफीक


लेखक के बारे में