बिहार के नेताओं ने उत्तराखंड की मंत्री रेखा आर्य के पति के बयान की निंदा की

बिहार के नेताओं ने उत्तराखंड की मंत्री रेखा आर्य के पति के बयान की निंदा की

बिहार के नेताओं ने उत्तराखंड की मंत्री रेखा आर्य के पति के बयान की निंदा की
Modified Date: January 3, 2026 / 07:43 pm IST
Published Date: January 3, 2026 7:43 pm IST

पटना, तीन जनवरी (भाषा) बिहार के विभिन्न दलों के नेताओं ने उत्तराखंड की मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू की उस कथित टिप्पणी की शनिवार को आलोचना की कि बिहार की लड़कियां 20-25 हजार रुपये में विवाह के लिए उपलब्ध हैं।

सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और विपक्षी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेताओं के अलावा निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने पिछले महीने अल्मोड़ा में एक कार्यक्रम में की गई टिप्पणी के लिए साहू की आलोचना की।

उत्तराखंड में भाजपा की सरकार है, जबकि बिहार में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में वह एक घटक दल है।

सोशल मीडिया पर आए कथित वीडियो में साहू को यह कहते हुए सुना जा सकता है, “क्या तुम बुढ़ापे में शादी करोगे? अगर शादी नहीं हो पा रही है, तो हम बिहार से लड़की ले आएंगे, वहां 20–25 हजार रुपये में मिल जाएगी।”

भाजपा के वरिष्ठ नेता दिलीप जायसवाल ने इन टिप्पणियों की निंदा की।

पार्टी की राज्य इकाई के पूर्व अध्यक्ष जायसवाल ने कहा, “किसी का पति या बेटा ऐसी भाषा नहीं बोल सकता। यह एक गलत कृत्य था और हम इसकी निंदा करते हैं।”

राजद के प्रवक्ता एजाज अहमद ने दावा किया कि साहू की भाषा ‘बिहार की महिलाओं का अपमान है’ और ‘किसी भी दृष्टिकोण से उचित नहीं है’।

उन्होंने कहा, ‘भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन जी (जो बिहार से हैं) के लिए यह अग्नि परीक्षा है। अब देखना यह है कि वह मंत्री को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करते हैं या नहीं और उनके पति को पार्टी से निष्कासित करते हैं या नहीं।’

निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने भी साहू के बयान की कड़ी आलोचना की।

उन्होंने कहा, “सरकार को ऐसे मामलों का त्वरित सुनवाई के जरिए निपटारा करना चाहिए या फिर ऐसी भाषा इस्तेमाल करने वालों की जुबान हमेशा के लिए काट देनी चाहिए।”

यादव ने ऐसे लोगों की तुलना “गोबर” से की और कहा कि “महिलाओं के प्रति उनका रवैया हमेशा से ऐसा ही रहा है।”

विवाद के बाद साहू ने माफी मांग ली है, वहीं भाजपा की उत्तराखंड इकाई ने इस बयान की निंदा करते हुए खुद को अलग करने की कोशिश की और कहा कि उनका पार्टी से कोई संबंध नहीं है।

कांग्रेस ने शुक्रवार को साहू की टिप्पणी को भारत की महिलाओं का ‘अपमान’ बताया और भाजपा से इस मामले पर माफी की मांग की।

भाषा जोहेब दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में