बिहार : ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में मेडिकल स्टोर रहे बंद
बिहार : ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में मेडिकल स्टोर रहे बंद
(तस्वीरों के साथ)
पटना, 20 मई (भाषा) ऑनलाइन दवा बिक्री और ई-फार्मेसी मंचों के विरोध में ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स (एआईओसीडी) द्वारा आहूत एक दिवसीय राष्ट्रव्यापी बंद के समर्थन में बुधवार को बिहार के विभिन्न हिस्सों में बड़ी संख्या में मेडिकल स्टोर बंद रहे।
इस बंद का असर पटना, नवादा, मुजफ्फरपुर, गया, पूर्वी चंपारण, वैशाली, पश्चिमी चंपारण, खगड़िया, दरभंगा, समस्तीपुर, रोहतास, पूर्णिया और कटिहार समेत कई जिलों में देखने को मिला।
केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन ऑफ बिहार के अध्यक्ष परसन कुमार सिंह ने बताया, ‘‘ऑनलाइन ई-फार्मेसी मंच बिना उचित पर्ची जांच के दवाओं की बिक्री कर रहे हैं और ऐसे छूट दे रहे हैं जिनका मुकाबला छोटे दवा विक्रेता नहीं कर सकते। सरकार को इस मामले में हस्तक्षेप करना चाहिए। यह हड़ताल छोटे दवा व्यवसायियों के हितों की रक्षा और मरीजों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर बुलाई गई है।’’
सिंह ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि देश में संचालित ई-फार्मेसी मंचों को या तो एक स्पष्ट कानूनी ढांचे के तहत लाया जाए या फिर उन्हें पूरी तरह बंद कर दिया जाए।
उन्होंने कहा कि औषधि और प्रसाधन सामग्री अधिनियम के तहत दवा दुकानों से दवा बिक्री को लेकर कई प्रावधान मौजूद हैं। मादक दवाओं की बिक्री के लिए अलग नियम हैं, अनुसूची एच-1 (शेड्यूल एच-1) दवाओं के लिए अलग व्यवस्था है और अन्य प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री के लिए भी अलग प्रावधान हैं।
सिंह ने कहा, ‘‘हालांकि ई-फार्मेसी के लिए इस तरह के स्पष्ट प्रावधान या नियम मौजूद नहीं हैं।’’
भाषा कैलाश
धीरज
धीरज

Facebook


