बिहार: सत्तू विक्रेता ने मामूली विवाद में वैन चालक का सिर धड़ से अलग किया, भीड़ ने आरोपी को मार डाला

बिहार: सत्तू विक्रेता ने मामूली विवाद में वैन चालक का सिर धड़ से अलग किया, भीड़ ने आरोपी को मार डाला

बिहार: सत्तू विक्रेता ने मामूली विवाद में वैन चालक का सिर धड़ से अलग किया, भीड़ ने आरोपी को मार डाला
Modified Date: April 9, 2026 / 04:35 pm IST
Published Date: April 9, 2026 4:35 pm IST

पटना, नौ अप्रैल (भाषा) बिहार के अररिया जिले में बृहस्पतिवार को मामूली कहासुनी ने भयावह रूप ले लिया, जब एक सत्तू विक्रेता ने कथित तौर पर चाकू से हमला कर पिकअप वैन चालक का सिर धड़ से अलग कर दिया। इसके बाद आक्रोशित भीड़ ने आरोपी को पीट-पीटकर मार डाला। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, सुल्तान पोखर क्षेत्र निवासी सत्तू विक्रेता रवि चौहान (30) और जोगबनी थाना क्षेत्र के अमोना गांव निवासी पिकअप चालक अली हुसैन (42) के बीच विवाद हो गया।

उसने बताया कि हुसैन ने अपना वाहन चौहान के ठेले के सामने खड़ा कर दिया था, इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई जो जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गई।

फारबिसगंज के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) मुकेश साह ने बताया, ‘‘चौहान ने पहले हुसैन के पेट पर चाकू से वार किया और फिर उसका सिर धड़ से अलग कर दिया। घटना के बाद वह कुछ देर तक मौके पर ही खड़ा रहा। इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने डंडों और ईंट-पत्थरों से उस पर हमला कर दिया और पीट-पीटकर उसे मार डाला।’’

घटना और दो लोगों की मौत की खबर फैलते ही इलाके में तनाव फैल गया। हुसैन के परिजन और परिचितों सहित सैकड़ों लोग मौके पर जुट गए। भीड़ ने नारेबाजी की, आसपास की छोटी दुकानों और ठेलों में तोड़फोड़ की तथा क्षेत्र के सड़कों को जाम कर दिया।

स्थिति के साम्प्रदायिक रूप लेने की आशंका के बीच पुलिस बल मौके पर पहुंचा और हालात पर काबू पाने का प्रयास किया।

एसडीपीओ ने कहा, ‘‘फारबिसगंज में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। घटनास्थल के आसपास स्थिति अब भी तनावपूर्ण है।’’

उन्होंने बताया कि चौहान को पीट-पीटकर मार डालने वालों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

भाषा कैलाश खारी

खारी


लेखक के बारे में