पटना, 26 मई (भाषा) बिहार की राजधानी पटना में मंगलवार सुबह गंगा में नहाने गए तीन युवकों की डूबने से मौत हो गई, जबकि दो अन्य को बचा लिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि यह घटना पटना में गांधी घाट के पास हुई।
पटना जिला प्रशासन की ओर से जारी बयान के मुताबिक, सुबह करीब नौ बजे पांच लोग गंगा में स्नान करने गए थे, जिनमें से तीन लोग नदी में डूब गए, जबकि राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) और अन्य बचावकर्मियों ने दो अन्य को सुरक्षित निकाल लिया।
बयान के अनुसार, आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव परिजन को सौंप दिए गए।
बयान में कहा गया है कि जिला प्रशासन ने अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) समेत वरिष्ठ अधिकारियों को मृतकों के परिजन को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
भाषा
कैलाश
पारुल
पारुल