पटना, 29 मई (भाषा) बिहार के पटना जिले के बख्तियारपुर इलाके में शराब सेवन के आरोप में हिरासत में लिए गए तीन लोगों को छुड़ाने के प्रयास में मद्य निषेध एवं उत्पाद विभाग की टीम पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
जानकारी के अनुसार, उत्पाद थाना की टीम ने बृहस्पतिवार शाम बख्तियारपुर के रानीसराय क्षेत्र में छापेमारी कर शराब सेवन के संदेह में तीन लोगों को हिरासत में लिया था।
बाढ़ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ-2) आयुष श्रीवास्तव ने संवाददाताओं को बताया ने बताया कि इसी दौरान हिरासत में लिए गए लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए और उत्पाद विभाग की टीम पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया।
उन्होंने बताया कि हमले में उत्पाद विभाग की एक एसयूवी वाहन क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि विभाग के तीन कर्मी घायल हो गए।
श्रीवास्तव ने बताया कि घायलों की पहचान चालक कन्हैया कुमार, सिपाही आदित्य राज और मंटू कुमार के रूप में हुई है और तीनों का बख्तियारपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार जारी है।
अधिकारी ने बताया कि मामले में बख्तियारपुर थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार लोगों की पहचान बड़ी महमूदपुर निवासी रामचंद्र पासवान उर्फ रामानंद पासवान और कन्हैया कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी पहले भी शराब पीने और बेचने के मामलों में पकड़े जा चुके हैं।
अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है और मामले में शामिल अन्य नामजद एवं अज्ञात लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
भाषा
मनीषा रंजन
रंजन