बिहार: नीट प्रश्नपत्र लीक के विरोध में कई जिलों में हिंसक प्रदर्शन, पुलिस ने हवाई फायरिंग की

Ads

बिहार: नीट प्रश्नपत्र लीक के विरोध में कई जिलों में हिंसक प्रदर्शन, पुलिस ने हवाई फायरिंग की

  •  
  • Publish Date - July 23, 2026 / 10:50 PM IST,
    Updated On - July 23, 2026 / 10:50 PM IST

(तस्वीरों के साथ)

जहानाबाद/दरभंगा, 23 जुलाई (भाषा) बिहार में राजधानी पटना सहित कई जिलों में राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर छात्रों द्वारा किया जा रहा प्रदर्शन बृहस्पतिवार को हिंसक हो गया, जिसके बाद भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को अलग-अलग स्थानों पर लाठीचार्ज से लेकर हवाई फायरिंग तक करनी पड़ी।

बिहार के जहानाबाद, दरभंगा, कटिहार, बेगूसराय तथा अन्य जिलों में प्रदर्शनकारियों ने पुलिस और सरकारी प्रतिष्ठानों पर कथित तौर पथराव किया तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।

अधिकारियों के अनुसार, जहानाबाद में बड़ी संख्या में छात्रों ने कारगिल चौक से काको मोड़ तक विरोध मार्च निकाला। इस दौरान प्रदर्शनकारी कथित तौर पर उग्र हो गए और पुलिस द्वारा लगाए गए अवरोधकों को तोड़ने का प्रयास किया।

जहानाबाद के पुलिस अधीक्षक (एसपी) कोटा किरण कुमार ने कहा, ‘‘प्रदर्शनकारियों के उग्र हो जाने के कारण पुलिस को स्थिति के अनुरूप 20 से 30 राउंड हवाई फायरिंग करनी पड़ी। अब हम स्थिति का आकलन कर रहे हैं और घायलों का पता लगाया जा रहा है। नगर थाना प्रभारी तथा कुछ अन्य पुलिस अधिकारी भी घायल हुए हैं।’’

उन्होंने कहा कि स्थिति अब नियंत्रण में है और हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जहानाबाद की जिलाधिकारी त्शेरिंग वाई भूटिया ने कहा कि प्रदर्शनकारियों की हरकतें कानून के विरुद्ध हैं और उपद्रवियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा, ‘‘प्रदर्शनकारियों ने रेलवे की सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया, जो कानून के खिलाफ है। प्रशासन इस मामले में बेहद सख्त है। जल्द ही गिरफ्तारियां की जाएंगी। किसी भी कीमत पर हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी।’’

जिलाधिकारी ने पुष्टि की कि प्रदर्शनकारियों ने पटरी के निकट रेलवे के सरकारी आवास पर भी पथराव किया। उन्होंने बताया कि पुलिस की हवाई फायरिंग से किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

दरभंगा के लोहिया चौक पर प्रश्नपत्र लीक के विरोध में प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों के पथराव में नगर पुलिस अधीक्षक (सिटी एसपी) और एक कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि करीब एक दर्जन पुलिसकर्मियों को मामूली चोटें आईं।

अधिकारियों ने बताया कि पुलिस को स्थिति को संभालने के लिए हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा। इस दौरान कई राहगीर भी घायल हुए।

घटना की पुष्टि करते हुए दरभंगा के जिलाधिकारी कौशल कुमार ने कहा कि प्रदर्शन के आयोजकों की पहचान करने के प्रयास किये जा रहे हैं।

कुमार ने बताया कि पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन के दौरान जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद थे।

कटिहार में नीट प्रश्नपत्र लीक मामले के विरोध में सैकड़ों छात्रों ने जिलाधिकारी कार्यालय परिसर के सामने प्रदर्शन किया और सुरक्षाकर्मियों पर पथराव किया, जिसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया।

प्रदर्शनकारियों ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि प्रदर्शनकारियों द्वारा पथराव किए जाने के बाद भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा।

कटिहार के जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हर व्यक्ति को संवैधानिक तरीके से अपनी बात रखने का अधिकार है। लेकिन सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने या गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल होने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।’’

उन्होंने कहा कि हिंसा में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।

जिलाधिकारी ने कहा, ‘‘मैं सभी से, खासकर छात्रों से अपील करता हूं कि वे उचित माध्यम से अपनी बात रखें। कानूनी कार्रवाई उनके भविष्य के लिए परेशानी खड़ी कर सकती है, जो हम नहीं चाहते।’’

एक अन्य अधिकारी ने बताया कि प्रदर्शन में असामाजिक तत्व भी शामिल थे, जिन्होंने मीडिया कर्मियों के साथ भी धक्का-मुक्की की।

बेगूसराय में प्रदर्शनकारियों की भीड़ बढ़ने के साथ ही स्थिति उग्र हो गई, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें तितर-बितर करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया।

पुलिस के अनुसार, कुछ प्रदर्शनकारियों ने जवाब में पथराव किया, जिससे कई पुलिसकर्मी और कई छात्र घायल हो गए। पुलिस ने कई छात्रों को हिरासत में लिया है।

मुंगेर और मुजफ्फरपुर सहित अन्य जिलों से भी कथित नीट प्रश्नपत्र लीक के विरोध में विरोध-प्रदर्शन की खबरें मिली हैं।

इन जिलों में प्रदर्शन एक दिन पहले राज्य की राजधानी पटना में हुए हिंसक प्रदर्शन के बाद हुए, जहां प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हुई थी।

पटना में भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करने के साथ आंसू गैस के गोले भी छोड़ने पड़े थे।

भाषा सं कैलाश

धीरज

धीरज