बिहार: युवक से मिलने की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती, घंटों समझाने के बाद उतरी
बिहार: युवक से मिलने की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती, घंटों समझाने के बाद उतरी
पटना, 13 जुलाई (भाषा) पटना जिले में एक युवती सोमवार को एक युवक से मिलने की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ गई और कई घंटों तक समझाने-बुझाने व तथा युवक को मौके पर बुलाए जाने के बाद वह नीचे उतर आई।
यह घटना पटना जिले के नौबतपुर थाना क्षेत्र की है।
स्थानीय पंचायत के मुखिया धर्मदेव पासवान ने बताया, ‘‘पनहारा गांव की एक युवती सुबह एक मोबाइल टावर पर चढ़ गई। जब उससे इसका कारण पूछा गया तो उसने बरूना गांव के एक युवक का नाम लिया और कहा कि वह तभी नीचे उतरेगी, जब उसे मौके पर बुलाया जाएगा। अंततः युवक को बुलाए जाने के बाद वह नीचे उतर आई।’’
उन्होंने बताया कि इसके बाद युवती को पूछताछ के लिए नौबतपुर थाने ले जाया गया।
फुलवारीशरीफ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) दीपक कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि एक युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गई थी और कई घंटे तक समझाने के बाद वह नीचे उतर आई।
हालांकि, उन्होंने घटना के संबंध में इससे अधिक जानकारी नहीं दी।
इस संबंध में प्रतिक्रिया लेने के लिए नौबतपुर थाना प्रभारी से कई बार संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।
भाषा कैलाश खारी
खारी

Facebook


