बिहार में नीतीश मॉडल के साथ आगे बढ़ेगा भाजपा गठबंधन: विजय चौधरी
बिहार में नीतीश मॉडल के साथ आगे बढ़ेगा भाजपा गठबंधन: विजय चौधरी
पटना, 15 अप्रैल (भाषा) जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के नेता विजय कुमार चौधरी ने बुधवार को कहा कि उन्होंने उपमुख्यमंत्री के रूप में जो शपथ ली है, वह नीतीश कुमार के विश्वास का परिणाम है और राज्य में उनकी नीतियों व कार्यशैली को आगे बढ़ाया जाएगा।
चौधरी ने कहा, “मैं नीतीश कुमार के प्रति आभार प्रकट करता हूं। उनके विश्वास के कारण ही मुझे यह जिम्मेदारी मिली है। उनके जो रास्ते, नीतियां, कार्यक्रम और कार्यशैली हैं, हम उसी पर आगे बढ़ेंगे।”
उन्होंने कहा कि बिहार के विकास मॉडल में पहले भी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शामिल रही है और वर्तमान में भी गठबंधन उसी दिशा में काम करेगा।
उन्होंने कहा “अब तक नीतीश कुमार का जो मॉडल था, उसमें भाजपा भी थी। अभी तुलना की कोई बात नहीं है। बिहार के मॉडल में नीतीश कुमार भी हैं, भाजपा भी है और अन्य सहयोगी दल भी हैं।”
जदयू नेता ने कहा कि नीतीश कुमार की कार्यशैली और सोच अद्वितीय है, जिससे उन्होंने बहुत कुछ सीखा है। “हम उसी आधार पर आगे बढ़ रहे हैं।”
चौधरी ने यह भी कहा कि नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी स्पष्ट किया है कि राज्य में विकास के लिए पूर्व मुख्यमंत्री द्वारा तय किए गए रास्ते, नीतियां और कार्यक्रमों को ही आगे बढ़ाया जाएगा।
उन्होंने कहा, “इसमें न कोई भ्रम है और न ही समझ की कमी। हम सब मिलकर बिहार के विकास को आगे ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
भाषा कैलाश मनीषा
मनीषा

Facebook


