बिहार के भागलपुर में दिनदहाड़े भाजपा मंडल अध्यक्ष की गोली मारकर हत्या

Ads

बिहार के भागलपुर में दिनदहाड़े भाजपा मंडल अध्यक्ष की गोली मारकर हत्या

  •  
  • Publish Date - September 11, 2026 / 06:01 PM IST,
    Updated On - September 11, 2026 / 06:01 PM IST

भागलपुर, 11 सितंबर (भाषा) बिहार के भागलपुर जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक स्थानीय नेता की शुक्रवार को दिनदहाड़े मोटरसाइकिल सवार अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, यह घटना जिले के बबरगंज थाना क्षेत्र स्थित ठठेरी टोला में मां तारा होटल के समीप हुई।

कुतुबगंज निवासी भाजपा मंडल अध्यक्ष उमा भूषण तांती उर्फ पप्पू तांती (55) काली स्थान से मोटरसाइकिल पर अपने घर लौट रहे थे, तभी दो बदमाशों ने उन्हें रोककर नजदीक से गोली मार दी।

पुलिस अधीक्षक नगर अतुलेश झा ने संवाददाताओं से कहा, “राजनीतिक रूप से सक्रिय तांती को दो अज्ञात हमलावरों ने गोली मारी। घटना के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।”

उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया गया है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

झा ने कहा, “प्रथम दृष्टया मामला सामाजिक-राजनीतिक रंजिश का प्रतीत होता है। परिजनों ने कुछ संदिग्धों के नाम भी बताए हैं।”

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा हत्या के कारणों और सटीक मकसद का पता लगाया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि घटनास्थल और उससे जुड़े मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

भागलपुर से भाजपा विधायक रोहित पांडेय ने मायागंज अस्पताल पहुंचकर मृतक के परिजनों से मुलाकात की और हत्यारोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।

भाषा सं कैलाश रंजन

रंजन