नयी दिल्ली, 11 सितंबर (भाषा) केंद्रीय बिजली मंत्री मनोहर लाल अगले सप्ताह अमेरिका के ह्यूस्टन में होने वाली जी-20 ऊर्जा मंत्रियों की बैठक में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
विद्युत मंत्रालय ने कहा कि अमेरिकी जी-20 की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में जी-20 देशों के ऊर्जा मंत्री और वरिष्ठ प्रतिनिधि वैश्विक ऊर्जा संरक्षण, सस्ती ऊर्जा, अवसंरचना के विकास और मजबूत ऊर्जा आपूर्ति श्रृंखला से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
मंत्रालय ने कहा कि यह बैठक 14 से 16 सितंबर 2026 तक आयोजित होगी।
वह तीन प्रमुख स्तंभों के तहत होने वाले मंत्रिस्तरीय सत्रों में भाग लेंगे। ये तीन स्तंभ हैं…‘‘ऊर्जा सुरक्षा और किफायती आधारभूत बिजली’’, ‘‘अनुमति प्रक्रिया और नियामकीय दक्षता’’ तथा ‘‘महत्वपूर्ण खनिज और मजबूत आपूर्ति शृंखलाएं’’।
बैठक में भारत ऊर्जा सुरक्षा और किफायती ऊर्जा व्यवस्था को मजबूती सुनिश्चित करने के अपने दृष्टिकोण को सामने रखेगा। साथ ही, तेजी से बढ़ती ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में सक्षम मजबूत और भविष्य के लिए तैयार ऊर्जा व्यवस्था विकसित करने के भारत के प्रयासों को साझा किया जाएगा।
भाषा यासिर रमण
रमण