प्रधानमंत्री को कहे गए ‘अपशब्दों’ के विरोध में बिहार में भाजपा सड़कों पर उतरी

Ads

प्रधानमंत्री को कहे गए 'अपशब्दों' के विरोध में बिहार में भाजपा सड़कों पर उतरी

  •  
  • Publish Date - August 31, 2025 / 10:28 PM IST,
    Updated On - August 31, 2025 / 10:28 PM IST

पटना, 31 अगस्त (भाषा) कांग्रेस की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लिए कथित तौर पर अपशब्दों के इस्तेमाल के विरोध में रविवार को भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता बिहार की सड़कों पर उतर गये।

भाजपा महिला मोर्चा ने दोपहर में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पूजा कपिल मिश्रा के नेतृत्व में विरोध मार्च निकाला।

पूजा ने कहा, ‘‘भारतीय संस्कृति में माँ का अपमान कभी बर्दाश्त नहीं किया जाता। जब तक राहुल गांधी और (राजद नेता) तेजस्वी यादव माफ़ी नहीं मांग लेते, तब तक हमारा आंदोलन जारी रहेगा।’’

शाम को, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक कैंडल मार्च में हिस्सा लिया और घोषणा की कि ‘‘प्रधानमंत्री की दिवंगत मां के अपमान के लिए बिहार की महिलायें कांग्रेस और उसके सहयोगियों को सज़ा देंगी।’’

एक कथित वीडियो सामने आने के बाद, जिसमें एक अज्ञात व्यक्ति दरभंगा शहर में ‘‘वोटर अधिकार यात्रा’’ के दौरान मंच से मोदी के खिलाफ हिंदी में अपशब्दों का इस्तेमाल करता हुआ दिखाई दे रहा है, भगवा पार्टी ने कांग्रेस पर कड़ा प्रहार किया है।

दरभंगा से बुधवार को राहुल उनकी बहन प्रियंका वाद्रा एवं राजद नेता तेजस्वी यादव मोटरसाइकिल पर मुजफ्फरपुर के लिए रवाना हुए थे ।

आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, लेकिन इस मुद्दे पर कुछ दिन पहले भाजपा एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं बीच तीखी बहस हुई थी।

इस बीच, यात्रा के समापन की तैयारियां ज़ोरों पर हैं । इस दौरान राहुल गांधी भी यहां मौजूद रहेंगे।

बिहार विधानसभा में कांग्रेस के नेता शकील अहमद खान ने कहा, ‘कल इतिहास रचा जाएगा। दूर-दूर से लोग तानाशाही शासन के खिलाफ राहुल गांधी की लड़ाई में शामिल होने के लिए यहां जुटेंगे।’’

गांधी मैदान में एक विशाल छतरी लगाई गई है, जो एक सार्वजनिक पार्क है और कई युगांतकारी घटनाओं का गवाह रहा है।

भाषा रंजन नरेश

नरेश