बिहार परीक्षा प्रश्नपत्र लीक की राजधानी बनता जा रहा : तेजस्वी यादव

Ads

बिहार परीक्षा प्रश्नपत्र लीक की राजधानी बनता जा रहा : तेजस्वी यादव

  •  
  • Publish Date - August 16, 2026 / 07:20 PM IST,
    Updated On - August 16, 2026 / 07:20 PM IST

पटना, 16 अगस्त (भाषा) राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने बिहार में ‘‘बिगड़ती’’ कानून-व्यवस्था को लेकर रविवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) नीत सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि राज्य ‘‘परीक्षा प्रश्नपत्र लीक की राजधानी बनता जा रहा है।’’

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यादव ने कहा कि 10वीं और 12वीं कक्षा की परीक्षाओं सहित प्रतियोगी परीक्षाएं अनियमितताओं और प्रश्नपत्र लीक से प्रभावित हो रही हैं।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘बिहार परीक्षा प्रश्नपत्र लीक की राजधानी बनता जा रहा है। यहां कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई है।’’

यादव ने आरोप लगाया, ‘‘जब छात्र प्रश्नपत्र लीक के खिलाफ प्रदर्शन करते हैं, तो उन्हें पीटा जाता है और उन पर लाठीचार्ज किया जाता है। राज्य में आंदोलन कर रहे छात्रों के खिलाफ एके-47 राइफल का भी इस्तेमाल किया गया।’’

उन्होंने कहा कि बिहार में महागठबंधन के घटक दल पिछले महीने सीवान में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा कथित तौर पर एके-47 के इस्तेमाल के मुद्दे को लेकर 19 अगस्त को पटना में लोक भवन तक मार्च निकालेंगे। यादव ने कहा कि महागठबंधन के नेता सीवान की घटना को लेकर राज्यपाल को ज्ञापन सौंपेंगे।

राजद नेता ने कहा कि इस घटना के लिए एक सिपाही को निलंबित करना पर्याप्त नहीं है। उन्होंने प्रदर्शन करने वाले छात्रों के खिलाफ एके-47 के इस्तेमाल का आदेश देने वाले वरिष्ठ अधिकारी के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की।

वामपंथी छात्र संगठनों के सदस्यों ने नीट प्रश्नपत्र लीक की घटना और प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई के विरोध में 25 जुलाई को बिहार बंद के समर्थन में कई जिलों में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कई जगहों पर सुरक्षा बल के साथ उनकी झड़प हुई।

बिहार बंद के दौरान पटना, सारण, सीवान, औरंगाबाद, भागलपुर, सीतामढ़ी, पूर्णिया और भोजपुर में प्रदर्शन हिंसक हो गए थे, जबकि समस्तीपुर, नवादा, नालंदा, मधुबनी और शेखपुरा में हल्के-फुल्के प्रदर्शन हुए थे।

पुलिस ने इससे पूर्व उस सिपाही को निलंबित कर दिया था, जिस पर सीवान में प्रदर्शन के दौरान एके-47 हथियार का इस्तेमाल करने का आरोप था।

भाषा आशीष दिलीप

दिलीप