भाजपा घोषणा पत्र के लिए ‘सुझाव अभियान’ रविवार से शुरू करेगी

Ads

भाजपा घोषणा पत्र के लिए ‘सुझाव अभियान’ रविवार से शुरू करेगी

  •  
  • Publish Date - October 4, 2025 / 07:34 PM IST,
    Updated On - October 4, 2025 / 07:34 PM IST

पटना, चार अक्टूबर (भाषा) बिहार विधानसभा चुनाव की तिथियों की घोषणा से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को कहा कि वह जनता से सुझाव लेकर अपना घोषणा पत्र तैयार करेगी। इस संबंध में पार्टी का ‘सुझाव अभियान’ पांच अक्टूबर से लेकर 20 अक्टूबर तक चलाया जाएगा।

भाजपा की घोषणा पत्र समिति के सदस्य एवं मंत्री प्रेम कुमार ने प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘अगले पांच वर्षों में हमें क्या करना है, उसकी तैयारी की जा रही है। भाजपा ने निश्चय किया है कि घोषणा पत्र जारी करने से पूर्व पूरे प्रदेश में एक करोड़ से अधिक लोगों से सुझाव एकत्रित किए जाएंगे।’’

उन्होंने बताया कि इसके लिए पार्टी की ओर से 243 विधानसभा क्षेत्रों में प्रमुख स्थानों पर 3,000 से अधिक सुझाव पेटियां रखी जाएंगी, जिनमें लोग अपने सुझाव डाल सकेंगे। इसके अलावा फोन पर मिस्ड कॉल, ईमेल और व्हाट्सऐप नंबरों के माध्यम से भी सुझाव आमंत्रित किए जाएंगे।

कुमार ने कहा कि रविवार को प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में इस अभियान की औपचारिक शुरुआत की जाएगी। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा रथों को झंडी दिखाकर रवाना करेंगे, जो विभिन्न जिलों में जाकर सुझाव एकत्रित करेंगे। साथ ही, एक विशेष वेबसाइट भी लॉन्च की जाएगी।

प्रेम कुमार ने कहा, ‘‘सुझाव पेटियां हर चौक-चौराहे, स्टेशन, बस स्टैंड, मॉल और बाजारों में रखी जाएंगी। भाजपा के विभिन्न मंचों और मोर्चों के कार्यकर्ता सभी वर्गों के बीच जाकर उनसे सुझाव लेंगे।’’

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता और घोषणा पत्र समिति के सदस्य सुरेश रूंगटा ने कहा कि बिहार चैम्बर्स, बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन, टेम्पो चालक संघ, रजक एसोसिएशन समेत अन्य संगठनों से भी राय मांगी जाएगी।

राज्यसभा सदस्य मनन मिश्रा ने कहा कि भाजपा ने घोषणा पत्र जारी करने से पहले व्यापक विचार-विमर्श करने का निर्णय लिया है। उन्होंने दावा किया कि देश में कोई दूसरी पार्टी इतनी व्यापक चर्चा के बाद घोषणा पत्र तैयार नहीं करती।

भाषा कैलाश शफीक

शफीक