पटना, 19 अगस्त (भाषा) अप्रैल में बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) द्वारा आयोजित सहायक लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन अधिकारी परीक्षा में कथित अनियमितताओं के मामले में पुलिस की आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार ईओयू टीम ने मंगलवार शाम यहां अतुल राज पांडेय को गिरफ्तार किया ।
ईओयू के बयान के अनुसार, यह मामला 23 अप्रैल को यहां ए एन कॉलेज में सहायक लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन अधिकारी पद के लिए आयोजित परीक्षा में कथित नकल से जुड़ा है।
ईओयू के मुताबिक परीक्षार्थी रोशन कुमार को कथित तौर पर बायोमेट्रिक कर्मचारी से उत्तर-पुस्तिका लेते हुए पकड़ा गया था।
बयान के अनुसार जांच के दौरान ईओयू को मामले में अतुल राज पांडेय की संलिप्तता का पता चला जो परीक्षा के दौरान कंकड़बाग के रघुनाथ हाई स्कूल में ‘बायोमेट्रिक ऑपरेटर’ के तौर पर काम कर रहा था।
ईओयू ने बताया कि पांडेय की महिला सहकर्मी के मोबाइल फोन से परीक्षा से संबंधित कई इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य बरामद हुए हैं जिसके बाद उसका मोबाइल फोन परीक्षा केंद्र से जब्त कर लिया गया।
ईओयू के अनुसार, बायोमेट्रिक कंपनियों और जनशक्ति आपूर्ति के क्षेत्र में पांडेय के पूर्व कार्य से परीक्षा केंद्रों को कथित तौर पर ‘मैनेज’ किए जाने एवं एक संदिग्ध ‘‘सॉल्वर गैंग’’ के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं।
अधिकारियों ने बताया कि इन सुरागों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
भाषा कैलाश
राजकुमार
राजकुमार