बिहार के सभी पंचायतों के खेल क्लब व आउटडोर स्टेडियम में सीसीटीवी कैमरे लगाएं: मुख्य सचिव
बिहार के सभी पंचायतों के खेल क्लब व आउटडोर स्टेडियम में सीसीटीवी कैमरे लगाएं: मुख्य सचिव
पटना, 19 फरवरी (भाषा) बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने बृहस्पतिवार को संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य के सभी पंचायतों में स्थित खेल क्लब तथा सभी खेल परिसरों और आउटडोर स्टेडियम में पारदर्शिता, सुरक्षा और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं।
मुख्य सचिव ने खेल विभाग की एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को ये निर्देश दिए।
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग (आईपीआरडी) द्वारा जारी बयान के अनुसार, बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने राज्य के खेल तंत्र में सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को सुदृढ़ करने की आवश्यकता पर बल दिया।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि खेल क्लबों के संचालन और प्रगति की व्यवस्थित निगरानी के लिए एक सुदृढ़ संस्थागत निगरानी ढांचा विकसित किया जाए।
बयान के अनुसार, मुख्य सचिव ने विभाग के सचिव स्तर पर नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए, ताकि राज्यभर में खेल पहल के प्रभावी क्रियान्वयन और सुदृढ़ पर्यवेक्षण को सुनिश्चित किया जा सके।
मुख्य सचिव ने विभाग को स्थानीय उद्योग भागीदारों के साथ समन्वय स्थापित कर खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा युवाओं को प्रतियोगिताओं एवं प्रतिस्पर्धी आयोजनों में भागीदारी के लिए प्रेरित करने को भी कहा।
भाषा कैलाश
शफीक
शफीक

Facebook


