बिहार में असंगठित श्रमिकों के अधिकारों को लेकर आंदोलन शुरू करेगी कांग्रेस
बिहार में असंगठित श्रमिकों के अधिकारों को लेकर आंदोलन शुरू करेगी कांग्रेस
पटना, 19 सितंबर (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता उदित राज ने शनिवार को कहा कि पार्टी बिहार में असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के अधिकारों के लिए आंदोलन शुरू करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि नयी रोजगार गारंटी योजना ने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) के तहत मिले काम के कानूनी अधिकार को समाप्त कर दिया है।
राज ने यहां संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि देश के सामने सबसे बड़ा मुद्दा मजदूरों और असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों का है।
पूर्व सांसद ने आरोप लगाया कि हालांकि ‘वीबी-जी राम जी अधिनियम’ योजना के तहत मनरेगा में गारंटी किए गए 100 दिनों की जगह 125 दिनों का रोजगार दिया जाएगा, लेकिन दोनों योजनाओं में मूल अंतर यह है कि पुरानी योजना के तहत रोजगार पाना कानूनी अधिकार था, जिसे नई व्यवस्था में हटा दिया गया है।
राज ने कहा, ‘‘बिहार जैसे राज्य में, जहां गरीबी और बेरोजगारी गंभीर समस्याएं हैं, इसका सीधा असर श्रमिकों पर पड़ेगा। कांग्रेस पार्टी बिहार में असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के अधिकारों के लिए आंदोलन शुरू करेगी।’’
हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि आंदोलन कब शुरू किया जाएगा।
बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि नगर निगमों, सरकारी विभागों और विभिन्न संस्थानों में काम करने वाले लाखों श्रमिक वेतन, नौकरी की सुरक्षा, सामाजिक सुरक्षा, कामकाजी परिस्थितियों और श्रम अधिकारों से जुड़े मुद्दों का सामना कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस ने लगातार इन मुद्दों पर अपनी आवाज उठाई है और आगे भी ऐसा करती रहेगी।’’
भाषा शुभम सुरेश
सुरेश

Facebook


