पटना में ‘फास्ट फूड’ विक्रेता का अपहरण, बरामदगी के लिए पुलिस छापेमारी जारी

Ads

पटना में ‘फास्ट फूड’ विक्रेता का अपहरण, बरामदगी के लिए पुलिस छापेमारी जारी

  •  
  • Publish Date - July 8, 2026 / 06:25 PM IST,
    Updated On - July 8, 2026 / 06:25 PM IST

पटना, आठ जुलाई (भाषा) बिहार की राजधानी पटना में 25 वर्षीय ‘फास्ट फूड’ विक्रेता का कथित रूप से अज्ञात लोगों ने अपहरण कर लिया, जिसके बाद व्यक्ति की सकुशल बरामदगी के लिए जांच और छापेमारी जारी है।

पुलिस ने बुधवार को बताया कि व्यक्ति की पहचान जक्कनपुर थाना क्षेत्र के करबिगहिया के निवासी बंटी के रूप में हुई है।

नगर पुलिस अधीक्षक (कानून-व्यवस्था-1) कृष्ण मुरारी ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘व्यक्ति की मां के आवेदन पर कोतवाली थाने में अपहरण का मामला दर्ज किया गया है। घटना सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात पटना जंक्शन रेलवे स्टेशन के निकट दूधमंडी इलाके में हुई।’’

उन्होंने बताया कि शिकायत में दो नामजद और सात-आठ अज्ञात आरोपियों पर आरोप लगाए गए हैं।

मुरारी ने कहा कि पीड़ित इलाके में ठेला लगाकर ‘फास्ट फूड’ बेचता है और आरोपी भी इसी तरह का काम करते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘प्रारंभिक जांच के दौरान पता चला है कि करीब 15-20 दिन पहले दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके कारण इस घटना को अंजाम दिए जाने की आशंका है। नामजद दो आरोपियों में से एक को हिरासत में लिया गया है और उसकी निशानदेही पर दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।’’

उन्होंने बताया कि शेष आरोपियों की गिरफ्तारी और अपहृत युवक की सकुशल बरामदगी के लिए पुलिस ने विशेष अभियान दल समेत कई टीम गठित की हैं।

भाषा कैलाश जोहेब

जोहेब