पटना, आठ जुलाई (भाषा) जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बुधवार को बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के मद्देनजर पटना बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में पदयात्रा की।
पार्टी की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, यह पदयात्रा बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड संख्या 35 और 29 में निकाली गई, जिसके दौरान किशोर ने स्थानीय लोगों से बातचीत की।
भाजपा द्वारा स्थानीय कार्यकर्ता अभिषेक कुमार को उम्मीदवार बनाए जाने के संबंध में पूछे जाने पर किशोर ने कहा, ‘‘लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक दल को अपना उम्मीदवार उतारने का अधिकार है। यह उनका आंतरिक मामला है।’’
इस बीच किशोर ने इलाके में एक युवक के कथित अपहरण के विरोध में प्रदर्शन कर रहे लोगों से भी मुलाकात की। प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर रखी थी।
यह मामला जक्कनपुर थाना क्षेत्र का है, जहां बंटी नामक एक व्यक्ति का कुछ दिन पहले कथित रूप से अपहरण कर लिया गया था।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को हटाया।
किशोर ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि यदि निर्धारित समय के भीतर मामले का खुलासा नहीं हुआ तो वह फिर आएंगे और स्थिति का जायजा लेंगे।
किशोर ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘यहां लोग इसलिए प्रदर्शन कर रहे हैं क्योंकि तीन दिन पहले एक युवक का अपहरण हुआ था। पुलिस ने हमें भरोसा दिलाया है कि दो दिन के भीतर मामले का समाधान कर लिया जाएगा। मैंने प्रदर्शनकारियों से सड़क जाम नहीं करने का आग्रह किया है और आश्वासन दिया है कि यदि तय समय के भीतर मामले का समाधान नहीं हुआ तो मैं फिर यहां आऊंगा।’’
भाषा कैलाश मनीषा रंजन
रंजन