सरकार का लक्ष्य लोगों को आर्थिक रूप से समृद्ध और खुशहाल बनाना : सम्राट

Ads

सरकार का लक्ष्य लोगों को आर्थिक रूप से समृद्ध और खुशहाल बनाना : सम्राट

  •  
  • Publish Date - May 18, 2026 / 07:52 PM IST,
    Updated On - May 18, 2026 / 07:52 PM IST

पटना, 18 मई (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को बिहार से बाहर रह रहे लोगों से राज्य में लौटकर उद्योग स्थापित करने की अपील करते हुए कहा कि प्रदेश को समृद्ध बनाने में सभी की भूमिका होनी चाहिए।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है और सरकार का लक्ष्य लोगों को आर्थिक रूप से समृद्ध और खुशहाल बनाना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उद्योगपति बड़े पैमाने पर निवेश के लिए बिहार आ रहे हैं और सरकार का लक्ष्य 20 नवंबर 2026 तक राज्य में पांच लाख करोड़ रुपये का निवेश सुनिश्चित करना है।

सम्राट ने यह बात 80 अत्याधुनिक दमकल वाहनों को हरी झंडी दिखाने और एआई आधारित आधुनिक दमकल नियंत्रण कक्ष के उद्घाटन के मौके पर कही।

उन्होंने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने किशनगंज में सीआईएसएफ प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने का निर्णय किया है तथा गया में भी ऐसा केंद्र स्थापित करने का आग्रह किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों में कृत्रिम बुद्धिमता (एआई) के अधिक उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि इससे परियोजनाओं की लागत में कमी लाई जा सकती है।

उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ पुलिस को पूरी छूट दी गई है और बिहार को सुशासन वाला राज्य बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मंगलवार से सभी पंचायतों में ‘सहयोग शिविर’ कार्यक्रम शुरू होगा, जहां प्राप्त आवेदनों का 30 दिनों के भीतर निपटारा अनिवार्य होगा। तय समय सीमा का पालन नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बिहार दमकल सेवा के कर्मियों की सराहना करते हुए कहा कि सरकार उनकी सभी आवश्यकताओं को पूरा करेगी, क्योंकि वे लोगों की जान बचाने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं।

भाषा कैलाश रंजन

रंजन