कृषि अनुसंधान एवं नवाचारों का लाभ किसानों तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता : विजय कुमार सिन्हा

Ads

कृषि अनुसंधान एवं नवाचारों का लाभ किसानों तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता : विजय कुमार सिन्हा

  •  
  • Publish Date - August 11, 2026 / 07:46 PM IST,
    Updated On - August 11, 2026 / 07:46 PM IST

पटना, 11 अगस्त (भाषा) बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने मंगलवार को कहा कि राज्य में कृषि की नई संभावनाओं को किसानों की समृद्धि से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि आधुनिक अनुसंधान, उन्नत तकनीक और वैज्ञानिक ज्ञान को खेतों तक पहुंचाकर कृषि उत्पादन एवं उत्पादकता बढ़ाने के साथ किसानों की आय तथा आजीविका को भी बढ़ाया जा सकता है।

सिन्हा ने हैदराबाद के पटनचेरु स्थित अंतरराष्ट्रीय अर्ध-शुष्क उष्णकटिबंधीय फसल अनुसंधान संस्थान (आईसीआरआईएसएटी) के भ्रमण के दौरान कहा कि अंतरराष्ट्रीय संस्थानों के साथ तकनीकी और वैज्ञानिक सहयोग बिहार में कृषि के क्षेत्र में नए अवसर उत्पन्न करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

उन्होंने आईसीआरआईएसएटी के वैज्ञानिकों एवं विशेषज्ञों के साथ बिहार में कृषि विकास की संभावनाओं पर चर्चा की तथा ‘बिहार सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर मिलेट्स वैल्यू चेन’ (बीसीओईएमवीसी) परियोजना की प्रगति की समीक्षा की। आईसीआरआईएसएटी जीनबैंक के प्रमुख डॉ. कुलदीप सिंह ने परियोजना के तहत अब तक हुई प्रगति तथा बिहार में मोटा अनाज आधारित मूल्य शृंखला के विकास और सुदृढ़ीकरण के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।

विभाग की ओर से जारी बयान के अनुसार, कृषि मंत्री ने कहा कि ‘बिहार सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर मिलेट्स वैल्यू चेन’ को खाद्य एवं पोषण सुरक्षा के क्षेत्र में पूर्वी भारत और पूरे देश के लिए एक मॉडल के रूप में विकसित करने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि इस कार्य के सफल क्रियान्वयन में आईसीआरआईएसएटी का तकनीकी एवं वैज्ञानिक सहयोग महत्वपूर्ण होगा।

सिन्हा ने विश्वास जताया कि बिहार सरकार और आईसीआरआईएसएटी के बीच सहयोग से मिलेट्स के उत्पादन, प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन और विपणन को बढ़ावा मिलेगा तथा किसानों की आय एवं आजीविका को सुदृढ़ करने में मदद मिलेगी।

कृषि मंत्री ने आईसीआरआईएसएटी में क्षमता निर्माण कार्यक्रमों के तहत प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे बिहार के प्रशिक्षु किसानों से भी संवाद किया।

उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से उनके अनुभव और प्राप्त तकनीकी जानकारी के बारे में पूछा तथा किसानों तक आधुनिक कृषि तकनीकों एवं वैज्ञानिक ज्ञान के हस्तांतरण के महत्व पर जोर दिया।

आईसीआरआईएसएटी के उपमहानिदेशक (अनुसंधान एवं नवाचार) डॉ. स्टैनफोर्ड ब्लेड ने कृषि मंत्री के साथ गए प्रतिनिधिमंडल को संस्थान के वैश्विक अनुसंधान एवं विकास कार्यक्रमों तथा विज्ञान आधारित कृषि नवाचारों के माध्यम से खाद्य, पोषण एवं आजीविका सुरक्षा मजबूत करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।

भाषा कैलाश जितेंद्र

जितेंद्र