डिश टीवी का घाटा पहली तिमाही में बढ़कर 286.3 करोड़ रुपये पर

Ads

डिश टीवी का घाटा पहली तिमाही में बढ़कर 286.3 करोड़ रुपये पर

  •  
  • Publish Date - August 11, 2026 / 08:26 PM IST,
    Updated On - August 11, 2026 / 08:26 PM IST

नयी दिल्ली, 11 अगस्त (भाषा) डायरेक्ट-टू-होम (डीटीएच) सेवा कंपनी डिश टीवी इंडिया का एकीकृत शुद्ध घाटा चालू वित्त वर्ष की जून तिमाही में बढ़कर 286.3 करोड़ रुपये हो गया।

कंपनी ने मंगलवार को बताया कि ग्राहकों से होने वाली आय में गिरावट समेत अन्य कारणों से उसका घाटा बढ़ा है।

डिश टीवी ने शेयर बाजारों को यह जानकारी दी। पिछले वित्त वर्ष की पहली (अप्रैल-जून) तिमाही में कंपनी को 94.53 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा हुआ था।

समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी की परिचालन आय 19.28 प्रतिशत घटकर 265.83 करोड़ रुपये रही, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 329.36 करोड़ रुपये थी।

जून तिमाही में कंपनी का कुल खर्च 31 प्रतिशत बढ़कर 557.76 करोड़ रुपये हो गया।

डिश टीवी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) मनोज डोभाल ने कहा, ‘‘तिमाही के दौरान कंपनी ने ‘ऑलवेज-ऑन’ जैसी पहल के जरिये ग्राहक अनुभव बेहतर करने, क्षेत्रीय पेशकश बढ़ाने और ग्राहकों से जुड़ाव मजबूत करने पर ध्यान दिया। साथ ही, बदलती मनोरंजन जरूरतों को पूरा करने के लिए ‘वीजेडवाई’ परिवेश का विस्तार किया गया।

‘वीजेडवाई’ डिश टीवी इंडिया का एकीकृत मनोरंजन मंच है, जिसमें लाइव टेलीविजन, 29 से अधिक स्ट्रीमिंग ऐप और स्मार्ट हार्डवेयर को एक ही इंटरफेस पर उपलब्ध कराया जाता है।

जून तिमाही में डिश टीवी की ग्राहकों से होने वाली आय 40.9 प्रतिशत घटकर 161.3 करोड़ रुपये रह गई।

वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में कुल आय में इसका योगदान 60.7 प्रतिशत रहा।

कंपनी की परिचालन आय भी 19.3 प्रतिशत घटकर 265.8 करोड़ रुपये रही। इसमें ग्राहकों से होने वाली आय, विपणन एवं प्रचार शुल्क, विज्ञापन आय और अन्य आय शामिल हैं।

भाषा यासिर अजय

अजय