गृह मंत्री अमित शाह अररिया में एसएसबी की सीमा चौकी का उद्घाटन करेंगे

गृह मंत्री अमित शाह अररिया में एसएसबी की सीमा चौकी का उद्घाटन करेंगे

गृह मंत्री अमित शाह अररिया में एसएसबी की सीमा चौकी का उद्घाटन करेंगे
Modified Date: February 26, 2026 / 11:03 am IST
Published Date: February 26, 2026 11:03 am IST

पटना, 26 फरवरी (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बृहस्पतिवार को बिहार के अररिया जिले में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की एक सीमा चौकी का उद्घाटन करेंगे तथा भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा और आधारभूत ढांचे की समीक्षा करेंगे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के मुताबिक, शाह सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से भी बातचीत करेंगे और दोपहर में ‘वाइब्रेंट विलेजेज़ कार्यक्रम’ की प्रगति की समीक्षा करेंगे।

गृह मंत्री बुधवार को तीन दिवसीय दौरे पर बिहार पहुंचे। इस दौरान वह रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण सीमांचल क्षेत्र में कई कार्यक्रमों में भाग लेंगे।

बुधवार को उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन कार्यरत एक वैधानिक निकाय ‘लैंड पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया’ की बैठक की अध्यक्षता की।

शाह के नेपाल से लगती खुली सीमा की निगरानी के लिए जिम्मेदार विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक करने की भी संभावना है।

नवंबर 2025 के बाद यह शाह का पहला बिहार दौरा है। इससे पहले वह विधानसभा चुनावों में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की प्रचंड जीत के बाद, नीतीश कुमार की अगुवाई में गठित नयी मंत्रिपरिषद के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए थे।

शाह शुक्रवार को पूर्णिया का दौरा कर अपने बिहार प्रवास का समापन करेंगे, जहां से वह वापसी की उड़ान भरेंगे।

राज्य भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता प्रेम रंजन पटेल ने एक बयान में कहा, “केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का सीमांचल दौरा राष्ट्रीय सुरक्षा को सुदृढ़ करने की दिशा में एक निर्णायक कदम है। नेपाल और बांग्लादेश से निकटता के कारण यह रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण क्षेत्र है और यहां खुफिया तंत्र को मजबूत बनाए रखने तथा जनसांख्यिकीय संतुलन बनाए रखने की चुनौतियां हैं।”

बिहार के उत्तर-पूर्वी छोर पर स्थित सीमांचल घनी आबादी वाला, लेकिन बाढ़ प्रभावित और आर्थिक रूप से पिछड़ा इलाका है, जो नेपाल और पश्चिम बंगाल की सीमा के निकट स्थित है।

भाषा कैलाश

मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में