मोदी की दिवंगत मां पर एआई वीडियो पर भाजपा ने पूछा: कांग्रेस कितना नीचे गिरेगी

Ads

मोदी की दिवंगत मां पर एआई वीडियो पर भाजपा ने पूछा: कांग्रेस कितना नीचे गिरेगी

  •  
  • Publish Date - September 12, 2025 / 11:31 PM IST,
    Updated On - September 12, 2025 / 11:31 PM IST

पटना/नयी दिल्ली, 12 सितंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और उसके सहयोगी दलों ने शुक्रवार को कांग्रेस पर उसकी बिहार इकाई द्वारा सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनकी दिवंगत मां को चित्रित करने वाला कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) जनित एक वीडियो पोस्ट करने पर निशाना साधा।

भाजपा और उसके सहयोगी दलों ने इसे शर्मनाक करार देते हुए आश्चर्य जताया कि मोदी पर निशाना साधने के लिए कांग्रेस किस हद तक गिर सकती है।

प्रधानमंत्री पर निशाना साधने के लिए बिहार कांग्रेस ने बुधवार को अपने ‘एक्स’ हैंडल पर वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें हिंदी में लिखा था, ‘‘साहब के सपनों में आई मां। ’’

इस वीडियो में मोदी की मां उनकी राजनीति की आलोचना करती दिखाई दे रही हैं।

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए, वरिष्ठ भाजपा नेता और सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा,‘‘क्या कांग्रेस पार्टी इस स्तर तक गिर गई है? प्रधानमंत्री की दिवंगत मां के मीम्स बना रही है, वह भी इतने घटिया स्तर का। कांग्रेस और कितना नीचे गिरेगी?’’

पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रसाद ने सोशल मीडिया पर ऐसा वीडियो साझा करने के लिए कांग्रेस की निंदा की और पार्टी नेताओं– सोनिया गांधी और राहुल गांधी से जवाब मांगा।

पटना साहिब से सांसद प्रसाद ने आरोप लगाया, ‘‘यह शर्मनाक है। हम इसे पूरे देश में एक बड़ा मुद्दा बनायेगे।’’

इधर, कांग्रेस ने कहा कि प्रधानमंत्री या उनकी मां का कोई अनादर नहीं किया गया। कांग्रेस के मीडिया एवं प्रचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने सवालिया लहजे में कहा, ‘‘उनकी आपत्ति क्या है? सिर्फ इसलिए कि एक मां अपने बेटे को कुछ सही करने के लिए शिक्षित करने की कोशिश कर रही है। इसमें कहां से अनादर है, न तो मां के प्रति, जिनका हम बहुत सम्मान करते हैं और न ही बेटे के प्रति।’’

खेड़ा ने ‘पीटीआई वीडियो’ को बताया,‘‘ हमने उनकी दिवंगत मां के प्रति कोई अनादर नहीं दिखाया है।’’

भाजपा के सहयोगी दल जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सदस्य संजय झा ने मोदी की दिवंगत मां से जुड़े एआई-जनरेटेड वीडियो पर तीखी प्रतिक्रिया दी है।

उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा कि इस तरह का वीडियो साझा करना बेहद नीच हरकत है।

उनके अनुसार, कांग्रेस ने यह साफ कर दिया है कि दरभंगा में मंच से प्रधानमंत्री की मां को गाली देना कोई गलती नहीं, बल्कि सोची-समझी रणनीति थी।

झा ने कहा कि यह सिर्फ एक मां का नहीं, बल्कि हर मां और महिला का अपमान है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए लिखा कि बिहार में राजग की प्रचंड लहर देखकर कांग्रेस के नेता हताश हो चुके हैं और अब खबरों में बने रहने के लिए प्रधानमंत्री और उनकी मां पर आपत्तिजनक टिप्पणी करना ही उनका हथियार बन गया है।

उन्होंने विश्वास जताया कि बिहार की जनता इस तरह की हरकतों का करारा जवाब देगी और आने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस मुक्त बिहार तय है।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि विपक्षी दल अपनी विश्वसनीयता और जनता का विश्वास खो चुका है, फिर भी उसने कोई सबक नहीं सीखा है।

उन्होंने कांग्रेस की बिहार इकाई द्वारा एक्स पर एआई-जनरेटेड वीडियो साझा किए जाने की निंदा करते हुए कहा, ‘‘अमानवीयता की भी एक सीमा होती है।’’

केंद्रीय मंत्री और लोजपा (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मोदी की मां का अपमान करने का आरोप लगाया।

पासवान ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया,‘‘ कांग्रेस पार्टी अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रही है। प्रधानमंत्री की दिवंगत मां का लगातार अपमान बेहद निंदनीय और दुखद है। राजनीति में मतभेद होना चाहिए, लेकिन एक मां का अपमान बिल्कुल असहनीय है।’’

वरिष्ठ भाजपा नेता अनुराग ठाकुर ने भी कांग्रेस और राजद पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि किसी की दिवंगत मां का मज़ाक उड़ाना राजनीति की गिरावट का उदाहरण है। ठाकुर ने कहा कि बिहार की जनता इस अपमान को कभी बर्दाश्त नहीं करेगी और विधानसभा चुनाव में कांग्रेस-राजद गठबंधन को करारा जवाब देगी।

भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने ‘एक्स’ लिखा है कि कांग्रेस ने राजनीति की सारी सीमाएं लांघ दी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस न सिर्फ इस वीडियो का बचाव कर रही है बल्कि प्रधानमंत्री की मां और मातृशक्ति का अपमान करना उसकी आदत बन गई है।

उन्होंने लिखा, ‘‘प्रधानमंत्री की मां के बारे में अपशब्द कहने पर पछतावा तो दूर, कांग्रेस ने न सिर्फ़ झूठ बोलकर आरोपियों का बचाव करने को सही ठहराया रहे है। तारिक अनवर ने भी इसका बचाव किया। और अब बिहार कांग्रेस ने एक घिनौने वीडियो के ज़रिए सारी हदें पार कर दीं।’’

बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दावा किया कि कांग्रेस ने नीचता की सारी हदें पार कर दी हैं।

भाजपा की बिहार इकाई के अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि देश उन लोगों को माफ नहीं करेगा जो तुच्छ राजनीति के लिए पवित्र मातृ-स्नेह का अपमान करते हैं।

इससे पहले, पिछले महीने बिहार के दरभंगा जिले में कांग्रेस और राजद द्वारा आयोजित ‘मतदाता अधिकार यात्रा’ के लिए बनाए गए मंच पर एक व्यक्ति ने मोदी की दिवंगत मां के लिए अपशब्द कहा था।

बिहार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने भी इस मुद्दे पर सफाई दी और कहा कि यह वीडियो केवल मां और बेटे के रिश्ते को दर्शाता है, इसमें किसी खास व्यक्ति पर कटाक्ष नहीं किया गया है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के मुताबिक वीडियो में कहीं भी किसी नाम का जिक्र नहीं है, बल्कि यह एक मां को अपने बेटे को सिखाते हुए दिखाता है।

उन्होंने कहा कि पूरा वीडियो देखने पर इसका असली संदेश समझ में आता है, इसलिए अधूरा देख कर निष्कर्ष निकालना गलत होगा।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस किसी तरह की षाई हिंसा में विश्वास नहीं करती।

उन्होंने कहा कि पार्टी हमेशा रोजगार, महंगाई और कानून-व्यवस्था जैसे वास्तविक मुद्दों पर ही बात करना चाहती है।

उन्होंने यह भी कहा कि तकनीक के इस युग में एआई का इस्तेमाल रचनात्मक तरीके से होना चाहिए, लेकिन इसका गलत अर्थ निकालना राजनीतिक बहस को भटकाने जैसा है।

भाषा कैलाश

राजकुमार

राजकुमार