पाकिस्तान ने भारतीय विमानों के लिए अपने हवाई क्षेत्र पर प्रतिबंध 24 सितंबर तक बढ़ाया

Ads

पाकिस्तान ने भारतीय विमानों के लिए अपने हवाई क्षेत्र पर प्रतिबंध 24 सितंबर तक बढ़ाया

  •  
  • Publish Date - August 19, 2026 / 01:16 PM IST,
    Updated On - August 19, 2026 / 01:16 PM IST

इस्लामाबाद, 19 अगस्त (भाषा) पाकिस्तान ने भारतीय विमानों के लिए अपने हवाई क्षेत्र के इस्तेमाल पर लगी रोक को 24 सितंबर तक बढ़ा दिया है। पाकिस्तान के हवाईअड्डा प्राधिकरण ने बुधवार को यह जानकारी दी।

भारत और पाकिस्तान ने अप्रैल 2025 में पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद एक-दूसरे की विमानन सेवाओं के लिए हवाई क्षेत्र पर प्रतिबंध लगाए थे।

पाकिस्तान हवाई अड्डा प्राधिकरण की ओर से जारी नोटिस टू एयरमेन (नोटम) में कहा गया है, ‘‘भारतीय पंजीकरण वाले विमानों और भारतीय एयरलाइंस/ऑपरेटरों द्वारा संचालित या लीज पर लिए गए विमानों के लिए पाकिस्तान का हवाई क्षेत्र उपलब्ध नहीं है।’’

यह फैसला मौजूदा प्रतिबंध की 23 अगस्त को समाप्त हो रही अवधि से पहले लिया गया है।

नोटम के अनुसार, प्रतिबंध का विस्तार 23 अगस्त को सुबह 10 बजकर 15 मिनट से प्रभावी होगा और 24 सितंबर को सुबह चार बजकर 59 मिनट तक लागू रहेगा।

2022 के पाकिस्तान नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के एक दस्तावेज के अनुसार, देश के हवाई क्षेत्र को कराची और लाहौर दो उड़ान सूचना क्षेत्रों (एफआईआर) में बांटा गया है। यह प्रतिबंध दोनों एफआईआर पर लागू होगा।

पिछले साल से इस प्रतिबंध को हर महीने बढ़ाया जा रहा है, जिससे एयरलाइंस के लिए वित्तीय परेशानियां बढ़ी हैं और यात्रियों के यात्रा समय में भी इजाफा हुआ है।

भारत ने भी पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद उठाए गए कदमों के तहत सभी पाकिस्तानी पंजीकृत विमानों, एयरलाइंस और सैन्य उड़ानों के लिए अपने हवाई क्षेत्र पर पारस्परिक प्रतिबंध बरकरार रखा है।

पहलगाम आतंकवादी हमले में 26 लोगों की मौत हुई थी। इसके बाद दोनों देशों ने एक-दूसरे की एयरलाइंस के लिए अपने-अपने हवाई क्षेत्र बंद कर दिए थे।

भाषा

राखी मनीषा

मनीषा