पुणे में दुष्कर्म के बाद बच्ची की हत्या, पड़ोसी गिरफ्तार; सरकार ने कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया

Ads

पुणे में दुष्कर्म के बाद बच्ची की हत्या, पड़ोसी गिरफ्तार; सरकार ने कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया

  •  
  • Publish Date - August 19, 2026 / 01:03 PM IST,
    Updated On - August 19, 2026 / 01:03 PM IST

पुणे, 19 अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र के पुणे जिले में एक व्यक्ति ने अपने पड़ोस में रहने वाली नौ वर्षीय बच्ची के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि घटना मंगलवार दोपहर जुन्नार तहसील के पिंपलवाड़ी गांव में हुई और 25 वर्षीय आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। वह दिहाड़ी मजदूर है।

महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने घटना को ‘‘बेहद चौंकाने वाली और दुर्भाग्यपूर्ण’’ बताते हुए पुलिस को मामले की गहन जांच करने और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

पवार ने कहा कि वह मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से इस मामले की सुनवाई त्वरित अदालत में कराने का आग्रह करेंगी।

पुणे (ग्रामीण) के पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल ने बताया कि आरोपी और बच्ची एक-दूसरे को जानते थे। उन्होंने कहा कि आरोपी और बच्ची एक ही इलाके में रहते थे और एक ही समुदाय से थे।

गिल ने बताया कि दोपहर में बच्ची जब घर में टीवी देख रही थी, तभी आरोपी उसके घर गया और अमरूद देने का झांसा देकर उसे अपने साथ ले गया। वह बच्ची को पास के एक खेत में ले गया, जहां कथित तौर पर उसके साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या कर दी।

शाम तक बच्ची के नहीं मिलने पर परिजनों ने उसकी तलाश की और बाद में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।

अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान इलाके के सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल में बच्ची आरोपी के साथ दिखाई दी। इसके बाद आरोपी को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान उसने अपराध कबूल किया और पुलिस को गन्ने के खेत में घटनास्थल दिखाया।

बाद में बच्ची का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

गिल ने बताया, ”मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। आगे की जांच चल रही है।”

महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया।

उन्होंने पुणे (ग्रामीण) के पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल से फोन पर बात कर मामले की जांच की जानकारी ली। उन्होंने पुलिस प्रशासन को मामले की पारदर्शी और गहन जांच करने तथा आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया है और मामले की जांच प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं मुख्यमंत्री और गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस से विशेष आग्रह करूंगी कि मामले की सुनवाई त्वरित अदालत में कराई जाए, ताकि आरोपी को जल्द से जल्द सजा मिल सके।’’

पवार ने कहा कि सरकार पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और वह जल्द ही गांव जाकर शोकाकुल परिवार से मुलाकात करेंगी।

भाषा

मनीषा

मनीषा