पटना, 23 सितंबर (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को घोषणा की कि बक्सर से भागलपुर के बीच प्रस्तावित ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे का नाम ‘विश्वामित्र पथ’ रखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह परियोजना राज्य के नौ जिलों को बेहतर सड़क संपर्क से जोड़ेगी।
मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, चौधरी ने वामन द्वादशी के अवसर पर बक्सर स्थित वामन भगवान मंदिर में पूजा-अर्चना की और राज्यवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस दौरान उन्होंने वामनेश्वर धाम के प्रस्तावित विकास कार्यों की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
चौधरी ने कहा कि प्रस्तावित ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे बक्सर, भोजपुर, अरवल, जहानाबाद, नालंदा, शेखपुरा, जमुई, बांका और भागलपुर को जोड़ेगा, जिससे क्षेत्रीय संपर्क और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने बक्सर के ज्योति चौक के समीप कटहिया पुल से सोन नहर कैनाल का निरीक्षण भी किया। उन्होंने सिंचाई एवं अन्य उपयोगों के लिए पानी संरक्षित करने के संबंध में भी अधिकारियों को निर्देश दिये।
इसके बाद चौधरी ने बक्सर सदर प्रखंड के चुरामनपुर स्थित पंचायत सरकार भवन परिसर में ‘जीविका भवन’ का उद्घाटन किया। उन्होंने सिलाई केंद्र में कार्यरत महिलाओं से बातचीत कर उनकी आय और कार्यों की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रयासों से जीविका अभियान ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने यह भी घोषणा की कि बकरी पालन को बढ़ावा देने के लिए अब बकरी के दूध की बिक्री भी ‘सुधा’ ब्राण्ड के माध्यम से कराई जाएगी। साथ ही सब्जी उत्पादकों को सहकारिता विभाग से जोड़कर उनकी आय बढ़ाने की दिशा में कदम उठाया जाएगा।
भोजपुर जिले के जगदीशपुर में मुख्यमंत्री ने बाबू वीर कुंवर सिंह स्मृति संग्रहालय का निरीक्षण किया और उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
भाषा कैलाश शफीक
शफीक